संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में एक दिन पहले वीरवार को बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से जिले में फसलों को काफी नुकसान हुआ है। खासकर गेहूं व सरसों की फसल को। कृषि विभाग के अधिकारियों ने जो अनुमान लगाया है उसके अनुसार जिले में 73179 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल ओलावृष्टि से प्रभावित हुई है। वहीं सरसों की 3725 एकड़, 708 एकड़ पशु चारा व 25 एकड़ में दाल को नुकसान पहुंचा है। सबसे ज्यादा नुकसान खंड प्रतापनगर, छछरौली व बिलासपुर क्षेत्र में हुआ है। गेहूं, सरसों, पशु चारा व दाल को मिलाकर कुल 77639 एकड़ फसल खराब हुई है। हालांकि इसमें से 290 एकड़ ही ऐसी है जिनमें 75 से 100 प्रतिशत फसल को नुकसान हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक खंड जगाधरी व रादौर में कोई नुकसान हुआ है।
कृषि विभाग के अनुसार 62311 एकड़ में 0 से 25 प्रतिशत, 13318 एकड़ में 25 से 50 प्रतिशत, 1719 एकड़ में 50 से 75 प्रतिशत और 290 एकड़ में 75 से 100 प्रतिशत का नुकसान हुआ है। जिन फसलों में 75 से 100 प्रतिशत का नुकसान है उसमें 110 एकड़ गेहूं, 50 एकड़ सरसों, 130 एकड़ पशु चारा शामिल है। दाल की फसल को 25 से 50 प्रतिशत की श्रेणी में रखा गया है। वहीं गेहूं की 61494 एकड़ में 0 से 25 प्रतिशत, 10528 एकड़ में 25-50 प्रतिशत, 1047 एकड़ में 50-75 और 110 एकड़ में 75 से 100 प्रतिशत का नुकसान हुआ है। इसी तरह सरसों में 764 एकड़ में 0-25 प्रतिशत, 2354 एकड़ में 25-50 प्रतिशत, 556 एकड़ में 50 से 75 प्रतिशत और 50 एकड़ में 75 से 100 प्रतिशत का नुकसान हुआ है। खंड प्रतापनगर में गेहूं व सरसों की कुल 7966 एकड़ फसल खराब हुई है।
काफी देर तक हुई थी ओलावृष्टि
वीरवार को साढौरा, बिलासपुर, प्रतापनगर व छछरौली क्षेत्र में करीब आधा घंटा तक ओलावृष्टि हुई थी। आसमान से बारिश से ज्यादा ओला बरसा है। ओले का आकार भी काफी बड़ा था। जिस कारण फसलें इनकी मार को सहन नहीं कर पाई। ओलों से बड़े-बड़े पेड़ों के पत्ते तक झड़ गए। इसके अलावा टमाटर, पालक व प्याज की फसल को भी खेतों में काफी नुकसान पहुंचा है।
सरकार से मुआवजे की मांग
भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के जिला प्रधान संजू गुंदियाना, निदेशक मंदीप सिंह रोड छप्पर, भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री रामबीर सिंह चौहान और भारतीय किसान यूनियन (रतनमान) के जिला प्रधान सुभाष गुर्जर का कहना है कि किसानों को प्रकृति की मार से काफी नुकसान हुआ है। इसलिए सरकार जल्द से जल्द गिरदावरी करके प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि दे।
रिपोर्ट तैयार कर ली है : आत्मा राम
कृषि विभाग के उपनिदेशक आत्मा राम गोदारा ने बताया कि फील्ड से ली गई रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने खराब फसलों की रिपोर्ट तैयार कर ली है। गेहूं व सरसों को ज्यादा नुकसान है। यह रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी, ताकि किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा मिल सके।
जिले में गेहूं, सरसों, पशुचारा व दालों को प्रतिशत के हिसाब से नुकसान:
फसल 0-25 25-50 50-75 75-100 कुल
गेहूं 61494 10528 1047 110 73179
सरसों 764 2354 556 50 3725
पशु चारा 52 410 115 130 708
दाल 00 25 00 00 25
कुल 62310 13317 1718 290 77637
छछरौली खंड में नुकसान:
फसल 0-25 25-50 50-75 75-100 कुल
गेहूं 782 2463 00 00 3246
सरसों 152 1124 221 00 1498
पशु चारा 52 410 115 130 708
कुल 987 13317 337 130 5443
-
बिलासपुर खंड में नुकसान:
फसल 0-25 25-50 50-75 75-100 कुल
गेहूं 1050 3300 00 00 4350
सरसों 200 950 00 00 1150
दाल 00 25 00 00 25
कुल 1250 4275 00 00 5525
सरस्वतीनगर खंड में नुकसान:
फसल 0-25 25-50 50-75 75-100 कुल
गेहूं 420 280 00 00 700
सरसों 20 180 00 00 200
कुल 440 460 00 00 900
-
साढौरा खंड में नुकसान:
फसल 0-25 25-50 50-75 75-100 कुल
गेहूं 00 2200 00 00 2200
सरसों 00 00 250 00 250
कुल 00 2200 250 00 2450
-
प्रतापनगर खंड में नुकसान:
फसल 0-25 25-50 50-75 75-100 कुल
गेहूं 3897 2285 1047 100 7339
सरसों 392 100 85 50 627
कुल 4289 2385 1132 160 7966
नोट : खराब फसलों का रकबा एकड़ में है।