यमुनानगर। शहर के मॉडल टाउन में नेहरू पार्क व दशहरा ग्राउंड में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट के अभाव में शाम बाद अंधेरा रहने की परेशानी जल्द दूर होने वाली है। क्योंकि इसके लिए नगर निगम अफसरों की ओर से प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। इसके तहत दोनों जगह 72-72 वॉट की लाइटें लगाने की योजना है। इसे सिरे चढ़ाने के लिए नगर निगम की ओर से ई-निविदाएं लगा दी गई हैं।
नगर निगम की ओर से वार्ड आठ के नेहरू पार्क में 24 लाख 48 हजार 843 रुपये के अनुमानित खर्च में तीन मीटर के डेकोरेटिव 72 वॉट वेगा पोल और दशहरा ग्राउंड में 15 लाख 69 हजार रुपये के अनुमानित खर्च से पांच मीटर डेकोरेटिव पोल पर 72 वॉट की ड्रॉप डाउन एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। यह काम ठेके पर कराने के लिए नगर निगम की ओर ई-निविदाएं लगाई गई हैं, जिसमें एजेंसियों व ठेकेदारों से बिड मांग ली गई है। दोनों जगह लाइट लगने से शाम में सैर पर आने वाले लोगों को बड़ी राहत होगी। क्योंकि पर्याप्त स्ट्रीट लाइट न होने से शाम बाद अंधेरा छा जाता है। इससे सैर पर अपने वाले लोगों सहित खेलकूद के लिए आने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि शहर के जरूरी काम प्राथमिकता पर लिए जा रहे हैं, जिनके लिए ई-निविदाएं लगाई जा रही हैं। पूरा प्रयास किया जा रहा है कि सभी जरूरी काम समय पर शुरू व पूरे हों।