यमुनानगर। समग्र शिक्षा अभियान यमुनानगर के तत्वावधान में पीएम श्री विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए पांच दिवसीय समर एडवेंचर कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में भाग लेने के लिए जिले के 70 विद्यार्थी मनाली के लिए रवाना हुए। जिला परियोजना अधिकारी केएस संधावा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
संधावा ने बताया कि यह कैंप पीएम श्री विद्यालयों में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षाप्रद अनुभव भी प्राप्त होंगे। समग्र शिक्षा अभियान समय-समय पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है।
विज्ञापन
इस प्रकार के कैंप विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने, प्रकृति के प्रति लगाव विकसित करने और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि एडवेंचर गतिविधियां विद्यार्थियों के मन से डर की भावना को दूर कर उन्हें चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखते हुए कैंप का भरपूर आनंद लेने और नए अनुभवों से सीखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बताया गया कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए अध्यापक पवन कुमार, मोनिका और रंजन मल्होत्रा भी उनके साथ जा रहे हैं। समर कैंप को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।