संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विदेश भेजने के नाम पर बसंत विहार कॉलोनी निवासी राजेश कुमार से साढ़े छह लाख रुपये हड़प लिए गए। आरोप अमन कुमार नामक युवक पर लगा है। राजेश अपने लड़के अभिषेक को रोजगार के लिए विदेश भेजना चाहता था। फर्कपुर थाना पुलिस ने आरोपी अमन कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बसंत विहार रटौली निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उसका लड़का अभिषेक पढ़ाई पूरी करके रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। इस दौरान उसकी मुलाकात अमन कुमार के साथ हुई। आरोपी ने उससे कहा कि वह उसके लड़के को रोजगार के लिए विदेश भेज देगा। जहां पर वह अच्छे पैसे कमा सकता है। वह आरोपी की बातों में आ गया। आरोपी ने उसे उसके लड़के को विदेश भेजने के लिए साढ़े छह लाख रुपये का खर्च आने की बात कही।
उसने आरोपी पर विश्वास करके उसे 29 जून 2024 को साढ़े छह लाख रुपये दे दिए। आरोपी ने उसके लड़के को जल्द विदेश भेजने का आश्वासन दिया। काफी दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी ने उसके लड़के को विदेश नहीं भेजा। उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे मगर उसने पैसे देने से मना कर दिया। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।