संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। राजकीय नोडल आईटीआई में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के तीसरे दिन सोमवार को 128 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। पहले चरण की वरीयता सूची में सीट पाने वाले 714 विद्यार्थियों में से अभी भी 586 का दाखिला होना बाकी है।
आईटीआई में सुबह से ही दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ी और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद प्रवेश प्रक्रिया जारी रही। दोपहर में तेज बारिश के कारण विद्यार्थियों की संख्या कम हो गई और प्रवेश प्रक्रिया की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। सोमवार को 128 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इसके साथ ही तीन दिनों में कुल दाखिलों की संख्या 187 पहुंच गई।
आईटीआई परिसर में प्रवेश लेने पहुंचे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ रही। दस्तावेजों के सत्यापन के लिए बनाए गए काउंटरों पर विद्यार्थियों की कतारें लगी रहीं। संस्थान प्रशासन ने भी प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की थी, जिससे विद्यार्थियों को अधिक इंतजार नहीं करना पड़ा।
हालांकि दोपहर में तेज बारिश होने से प्रवेश लेने आने वाले विद्यार्थियों की संख्या में कमी आ गई। इसका असर प्रवेश प्रक्रिया की गति पर भी दिखाई दिया। सुबह जहां लगातार विद्यार्थी पहुंच रहे थे। पहले चरण की वरीयता सूची में कुल 714 अभ्यर्थियों को विभिन्न ट्रेडों में सीट आवंटित की गई है। पहले दिन केवल आठ विद्यार्थियों ने दाखिला लिया था। दूसरे दिन 51 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया था। सोमवार को 128 दाखिले किए गए हैं।
प्रवेश लेने का आज अंतिम दिन
पहली चरण में सीट पाने वाले विद्यार्थियों के पास दाखिला लेने का मंगलवार को आखिर दिन है। शेड्यूल के अनुसार 21 जुलाई तक पहले चरण के लिए विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। वहीं, दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के पास फीस जमा करने का एक दिन अतिरिक्त होगा। विद्यार्थी 22 जुलाई तक फीस जमा करवा सकते हैं। जो विद्यार्थी सूची में स्थान पाने के बाद प्रक्रिया में शामिल नहीं होगा, उसकी सीट रद्द कर दी जाएगी और वह अगली सूची में आवंटित की जाएगी।
पहली सूची में शामिल 714 में से 187 विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया है। विद्यार्थियों के पास दाखिला लेने का मंगलवार को अंतिम दिन है। विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी प्रबंध किए गए हैं। - भूपेंद्र सिंह सांगवान, प्राचार्य नोडल आईटीआई।