जिले में फिलहाल कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी है। शुक्रवार को 57 संक्रमित मरीजों ने कोरोना को मात दी, तो वहीं 39 नए केस भी सामने आए। वहीं कोरोना संक्रमित दो शवों का अंतिम संस्कार कोरोना गाइडलाइन के तहत कराया गया। जबकि स्वास्थ्य विभाग ने एक शव की पुष्टि की है।
डीसी मुकुल कुमार ने बताया कि जिले में कोविड-19 का रिकवरी रेट 97.29 प्रतिशत हो गया है। जिले की कुल आबादी का 27.57 प्रतिशत का कोरोना टेस्ट हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गांव जुड्डा जाटान निवासी 70 वर्षीय कोरोना संक्रमित वृद्ध की मौत एक निजी अस्पताल में हो गई। जबकि गांव पृथ्वीपुर से 70 वर्षीय कोरोना संक्रमित वृद्धा की मौत हो गई। दोनों का अंतिम संस्कार कोरोना गाइडलाइन के तहत कराया गया।
इन जगहों पर मिले पॉजिटिव केस
मधु कॉलोनी, पुलिस लाइन जगाधरी, विष्णुनगर, खदरी, जसवंत कॉलोनी, पाबनी कलां से दो केस, आदर्श नगर, न्यू हमीदा कॉलोनी, ईशोपुर, गांधी धाम, श्याम सुंदरपुरी से दो केस, मंडी, धर्मपुरा कॉलोनी, भगतपुरा कॉलोनी, छोटा बांस से तीन केस, आजाद नगर, जयधर, दामला, बुडिया से दो केस, चंदाखेड़ी, रामपुर हेडियान, प्रोफेसर कॉलोनी से दो केस, फतेहपुर, पटरी मोहल्ला, रतौली, चांदपुर, सावनपुरी, इशो कॉलोनी, गोविंद विहार, गोमती गली, मॉर्डन कॉलोनी, खानपुर, रामनगर से हैं।
तीन बच्चे भी मिले कोरोना पॉजिटिव
रादौर। गांव छोटाबांस में शुक्रवार को तीन बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिनमें नौ, आठ व छह वर्ष के बच्चे शामिल है। एसएमओ डॉ.विजय परमार ने बताया कि उपमंडल में कोरोना वायरस से 12 लोग संक्रमित है। जिसमें से 11 लोगों को घर पर आइसोलेट किया गया है। वहीं एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब तक उपमंडल में 1493 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। जिनमें से 1456 लोग बीमारी को मात देकर ठीक हो चुके हैं। महामारी से अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि अब तक 26,909 सैंपल लिए जा चुके हैं।
टीकाकरण ही कोरोना से बचाव का रास्ता: गिरीश
यमुनानगर। जिले में वैक्सीनेशन पर जोर दिया जा रहा है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगाने के लिए कार्य किया जा रहा है। डीसी गिरीश अरोड़ा ने बताया कि वैक्सीनेशन आपके द्वार, दिव्यांगजनों के लिए सस्थानों पर व कुष्ट आश्रम, कर्मचारियों के लिए पंचायत भवन, अधिवक्ताओं के लिए बार काउंसिल, दूर-दराज व स्लम एरिया के 18 से अधिक आयु वर्ग के लिए वाक इन सेशन व दिव्यांगजन व वरिष्ठ नागरिकों के 45 वर्ष से अधिक आयु के लिए ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन का कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने बताया कि ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन में अब 18 वर्ष से अधिक आयु के दिव्यांग या 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के पूरे परिवार का टीकाकरण (यदि वह 18 वर्ष से अधिक है) तो बिना पूर्व पंजीकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शनिवार को तेजली खेल स्टेडियम में सुबह नौ से शाम तीन बजे तक ड्राइव थ्रू टीकाकरण केंद्र पर टीकाकरण किया जाएगा। जिसमें 18 वर्ष से अधिक आयु के केवल उन्हीं व्यक्तियों का टीकाकरण किया जाएगा।
बॉक्स
पॉजिटिव आए-39
स्वस्थ हुए मरीज-57
रिपोर्ट लंबित-1165
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक मौत-392
अब तक पॉजिटिव केस-24,356
अब तक स्वस्थ हुए-23,697
कोरोना के एक्टिव केस-267
होम आइसोलेशन में मरीज-198
अब तक हुई सैंपलिंग-3,31,430
सैंपलिंग के बाद निगेटिव-3,03,309
जिले का रिकवरी रेट-97.29 प्रतिशत
जिले का पॉजिटिविटी रेट-7.34 प्रतिशत
एक्टिव कंटेनमेंट जोन-207
बॉक्स
ब्लैक फंगस की स्थिति
जिले में नए केस-00
मौत-02
अब तक के केस-15
अब तक मौत-02
अब तक कुल ऑपरेशन-04
जिले में एक्टिव केस-03
रेफर केस-10