यमुनानगर। साइबर ठग ने खुद को पेटीएम कंपनी का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर मेडिकल स्टोर संचालक से 51 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली। आरोपी ने मोबाइल के व्हाट्सअप की सेटिंग में छेड़छाड़ करवाकर मोबाइल की स्क्रीन शेयर कर यह धोखाधड़ी की। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन निवासी राजीव दुग्गल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका संतपुरा गुरुद्वारा के पास दुग्गल मेडिकोज के नाम से मेडिकल स्टोर है। स्टोर में लेनदेन के लिए उसने पेटीएम कंपनी का क्यूआर कोड लगाया हुआ है। 28 दिसंबर को उनकी दुकान में लगे क्यूआर कोड में कुछ तकनीकी समस्या आ गई थी। इसे ठीक कराने के लिए उसने गूगल पर पेटीएम का टोल फ्री नंबर सर्च किया। गूगल से मिले टोल फ्री नंबर पर उसने फोन किया लेकिन नंबर व्यस्त आया। कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने उसे बताया कि वह पेटीएम कंपनी के कस्टमर केयर से बात कर रहा है। आरोपी को पेटीएम कंपनी का कस्टमर केयर समझकर उसने अपनी समस्या उसे बताई। उसने बताया कि उसके पेटीएम वॉलेट से रुपये उसके खाते में न जाकर किसी ओर के खाते में जा रहे हैं। तब आरोपी ने उसकी मदद करने के लिए उसके व्हाट्सएप की सेटिंग में जाकर कुछ ऑप्शन ऑन कराए और वीडियो कॉल की। इसके बाद उसके मोबाइल की स्क्रीन शेयर हो गई। फोन कटते ही उसके एसबीआई के खाते से दो अलग अलग ट्रांजेक्शन में 51 हजार रुपये की नकदी निकल गई। इस बारे में उसे मोबाइल पर आए संदेश से पता चला। इसकी शिकायत उसने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी अस्पताल में बनाया गया आईसालेशन वार्ड। संवाद