संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे-73ए पर ताजेवाला आश्रम के पास कार सवार पांच बदमाशों ने फैजपुर स्थित परदेशी ढाबा संचालक अब्दुल रहीम को पहले टक्कर मारकर बाइक से गिराया। फिर मारपीट करने के बाद नशीला पदार्थ पिलाकर उससे 50 हजार रुपये लूट लिए। घायल ढाबा संचालक अब्दुल रहीम को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बॉम्बेपुर निवासी अब्दुल रहीम ने बताया कि उनका फैजपुर में परदेशी के नाम से ढाबा है। ढाबे पर उसके साथ उसका पिता इस्लाम, भाई शहीद रहमान बैठते है। एक सितंबर को दोपहर बाद वह ढाबे से घर आ गया था। शाम को सात बजे वह बाइक पर ढाबे पर जाने के लिए निकला था। जब वह जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर ताजेवाला आश्रम के पास पहुंचा तो पीछे से कार में सवार होकर पांच बदमाश आए।
आरोपियों ने पीछे से उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद कार सवार बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके ऊपर कोई नशीला पदार्थ गिरा दिया। जिससे वह बेहोश होने लगा। इसके बाद बदमाश उसकी जेब से 50 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। इसी दौरान ट्रक उसकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर फरार हो गया। किसी ने घटना की सूचना उसके पिता को दी।
सूचना मिलते ही उसका पिता व भाई मौके पर पहुंचे। उन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख उसे पीजीआई रेफर दिया। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसके बयान लिए। प्रतापनगर थाना प्रभारी तरसेम का कहना है कि मामले में पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।