यमुनानगर। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से रविवार को मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 48 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। शिविर को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शिविर में डॉक्टरों, होमगार्ड, युवाओं के अलावा आमजन ने रक्तदान किया। कुछ लोग ऐसे भी रहे जो शिविर में पहुंचे, परंतु स्वास्थ्य कारणों के चलते वह रक्तदान नहीं कर सके। शिविर में ब्लड बैंक की इंचार्ज डॉ. निशा गुरावा, हरीश ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए सम्मानित किया। डाॅ. निशा गुरावा ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्त की कमी इंसान की ओर से दान किए गए रक्त से ही पूरी हो पाती है।