यमुनानगर। जगाधरी की गोमती गली में स्थित बर्तन फैक्ट्री के मालिक ने एक व्यक्ति पर फैक्ट्री के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर 47 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत पर मामले की जांच के बाद आरोपी अमरजीत सिंह उर्फ पप्पी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
इंदिरा पुरम कॉलोनी जगाधरी निवासी शिव गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी गोमती गली में जेडी मेटल के नाम से बर्तन फैक्टरी है। बुधवार शाम को वह अपनी फैक्टरी में बैठा था और उसने कार को फैक्ट्री के बाहर गली में खड़ी की थी। इस दौरान उसे कार का शीशा टूटने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वह बाहर आया तो उसने देखा तो उसकी कार का शीशा टूटा हुआ था और 47 हजार रुपये गायब थे। उसने शक जताया कि जब वह बाहर आया तो अमरजीत सिंह उर्फ पप्पी भागते हुए जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि रंजिश के चलते आरोपी अमरजीत ने ही उसकी गाड़ी का शीशा तोड़कर पैसे चोरी किए हैं। क्योंकि आरोपी ने पहले भी उससे झगड़ा किया था। उसने इस संबंध में सात फरवरी को बूड़िया गेट चौकी में शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस आरोपी के घर गई थी तो उसने पुलिस मुलाजिमों के साथ भी बहस की थी। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।