जगाधरी। राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूल के 45 शिक्षकों को उनकी सेवाओं के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य मोहम्मद जावेद ने कहा कि शिक्षकों पर केवल विद्यार्थियों की ही नहीं बल्कि राष्ट्रनिर्माण की भी जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को पढ़ाना और पास करवाना ही केवल शिक्षकों की ड्यूटी नहीं है, बल्कि उनमें संस्कार, मानवता, राष्ट्रप्रेम, परोपकार की भावना विकसित करना भी दायित्व है।
इस दौरान शशि गुप्ता ने कहा कि कि एक शिक्षक राष्ट्रनिर्माण की सबसे मजबूत नींव है। इक्कीसवीं सदी में भारत की शिक्षा व्यवस्था में बहुत बड़े सुधार की गुंजाइश है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ जिम्मेदार नागरिक बनाना सभी शिक्षकों की जिम्मेदारी है। सभी शिक्षकों को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रयास करना होगा। इससे देश में व्याप्त अंधविश्वास व पाखंड खत्म होगा और भारत का हर विद्यार्थी राष्ट्रनिर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित कर पाएगा।