संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। रोटरी क्लब यमुनानगर रिवेरा की ओर से सेक्टर-17 स्थित जिमखाना क्लब में शिक्षक सम्मान समारोह करवाया गया। इसमें जिले के 15 शिक्षकों को शिक्षा व समाज के प्रति उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
क्लब के अध्यक्ष राजेश सोंधी ने कहा कि समाज में शिक्षकों का स्थान विशिष्ट व अत्यंत सम्माननीय है। शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान नहीं करते, बल्कि वे विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण करते हैं, उनकी आकांक्षाओं को प्रेरणा देते हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए तैयार करते हैं। शिक्षक का प्रभाव विद्यार्थियों के जीवन में हमेशा बना रहता है।
प्रोजेक्ट चेयरमैन डॉ. आरएस अहलूवालिया ने कहा कि शिक्षक की जिम्मेदारी निर्धारित पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं होती है।गुरु नानक खालसा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. हरिंद्र सिंह कंग ने कहा कि विद्यार्थी अक्सर अपने शिक्षकों को केवल कक्षा में पढ़ाए पाठों के लिए ही याद नहीं रखते, बल्कि शिक्षक द्वारा दिए गए स्नेह, प्रोत्साहन और व्यक्तिगत जुड़ाव को भी जीवनभर स्मरण करते हैं।
एमएलएन कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. अनिल धवन ने कहा कि विद्यार्थी शिक्षकों के पढ़ाए कुछ शैक्षणिक पाठों को भले ही भूल जाएं, लेकिन शिक्षक ने उनके साथ व्यवहार और स्नेह कभी नहीं भूलते हैं। वरिष्ठ पूर्व अध्यक्ष राजीव भाटिया और सुरेंद्र मदान, क्लब के सचिव अनुपम गुप्ता ने शिक्षकों को मार्गदर्शक, आदर्श व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माता के रूप में नमन व उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया।