संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। बहादुरगढ़ में होने वाली राज्यस्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए 40 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। यह प्रतियोगिता राज्य तैराकी संघ हरियाणा की ओर से करवाई जा रही है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का चयन जिलास्तरीय प्रतियोगिता से किया गया है।
जिलास्तरीय प्रतियोगिता शहर के संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल स्वीमिंग पूल में मंगलवार को कराई गई थी। प्रतियोगिता में छह से 17 वर्ष और वरिष्ठ आयु वर्ग के 300 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया था। जिला तैराकी संघ के महासचिव अनिल शर्मा ने बताया जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए पांच आयु वर्ग श्रेणियां बनाई गई थीं। आयु वर्ग एक में 15 से 17, आयु वर्ग दो में 12 से 14, आयु वर्ग तीन सब ज्यूनियर में 10 से 11, आयु वर्ग चार में 8 से 9 और आयु वर्ग पांच में 6 से 7 वर्ष के खिलाड़ी शामिल रहे।
महासचिव शर्मा ने बताया कि फ्री स्टाइल आयु वर्ग तीन में संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल से प्रणव प्रथम व अनिकेत द्वितीय औप स्प्रिंग फील्ड स्कूल के आदित्य व रणवीर तृतीय रहे। 50 मीटर बैक स्ट्रोक लड़कियों की आयु वर्ग दो में संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल की मन्नत प्रथम, मुकंद लाल पब्लिक स्कूल की आयशा द्वितीय और सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल की नव्या तृतीय रही।
लड़कियों के आयु वर्ग एक में सेक्रेट हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की रिद्धम प्रथम, डीएवी पब्लिक स्कूल की वत्सला द्वितीय और संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल की जसप्रीत कौर तृतीय रही। लड़के के आयु वर्ग दो की ब्रैक स्ट्रोक में सेंट थॉमस काॅन्वेंट स्कूल का आर्यवीर प्रथम, संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल का अर्नव द्वितीय, डीएवी पब्लिक स्कूल का सक्षम तृतीय रहा।
वहीं 100 मीटर फ्री स्टाइल में संत निश्चल पब्लिक स्कूल का प्रणव प्रथम, डीएवी पब्लिक स्कूल का चेतन द्वितीय व डीपीएस स्कूल सर्मथ ने तीसरा स्थान पाया। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिले कुल 40 तैराकों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।