संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर की दशमेश कॉलोनी के पास न्यू हमीदा कॉलोनी निवासी हितेश कुमार को रोककर तीन-चार युवकों ने लोहे के पाइप से हमला कर घायल कर दिया। आरोपियों ने उसे रोककर पहले नाम पूछा। नाम बताते ही उससे मारपीट की। शहर पुलिस ने मामले में एक युवक को नामजद कर दो-तीन अन्य पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यू हमीदा कॉलोनी निवासी हितेश कुमार उर्फ बंटी ने शिकायत में बताया कि देर शाम वह अपने काम से नागरिक अस्पताल गया था। रात करीब साढ़े 11 बजे वह अस्पताल से घर लौट रहा था। जब वह दशमेश कॉलोनी के पास मोड पर पहुंचा तो पीछे से बाइक पर तीर्थ नगर निवासी सुमित तोमर अपने दो-तीन साथियों के साथ आया। आरोपी ने उसके आगे बाइक अड़ा कर रोक लिया। आरोपी ने पहले उसका नाम पूछा।
नाम बताते ही आरोपी सुमित तोमर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसपर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। अन्य हमलावरों ने उसे पकड़ कर मारपीट की। मारपीट में वह घायल हो गया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
कार सवार आरोपियों ने ने पीटा
बूड़िया। रघुनाथपुरी कॉलोनी निवासी सुमित शुक्ला ने पुलिस को दी शिकायत बताया कि बुधवार को वह अपने काम से शहजादपुर-पांसरा रोड से जा रहा था। बीबीपुर गांव के नजदीक वरना कार में सवार होकर चार अज्ञात युवक आए। आरोपियों ने डंडों व बिंडों से उस पर हमला कर घायल कर दिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बूड़िया थाना पुलिस ने चार अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।