संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रवेश के लिए शुक्रवार को तीसरे ऑनलाइन चरण की वरीयता सूची जारी हो गई। इस दौरान नोडल आईटीआई में तीसरे चरण के लिए 374 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की गई हैं। तीसरी सूची की प्रवेश प्रक्रिया के पहले दिन 54 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। अब 357 सीटें खाली रह गई हैं।
आईटीआई में प्रवेश के लिए तीसरी सूची में संस्थान की कुल 730 सीटें रिक्त दिखाई गई थीं। इनमें से 374 सीटों पर विद्यार्थियों को आवंटन किया गया है। अब शेष बची 320 सीटों के लिए शनिवार को प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी। वहीं, रविवार को राजकीय अवकाश होने के कारण प्रवेश प्रक्रिया नहीं चलेगी।
संस्थान की ओर से विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच करवाने और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है। नोडल आईटीआई में तीसरे चरण की सूची को लेकर विद्यार्थियों में अच्छा रुझान देखने को मिला। पहले दिन मौसम खराब रहने के बावजूद विद्यार्थी प्रवेश के लिए संस्थान पहुंचे। वरीयता सूची में आवंटित सीटों के आधार पर दाखिले दिए जा रहे हैं।
वहीं दूसरे चरण में प्रवेश लेने वाले एक विद्यार्थी ने अपना दाखिला रद्द करवा दिया है। तीसरे चरण के लिए तीन अगस्त को कुल 1,304 सीटें दिखाई गई थीं। इसमें से 574 सीटों पर दाखिले हो गए थे और कुल 730 सीटें रिक्त थी। परंतु वरीयता सूची जारी होने से पहले एक विद्यार्थी का दाखिला रद्द हो गया है। इसके बाद शुक्रवार को रिक्त सीटों की संख्या 731 दिखाई गईं। इसमें से 374 सीटें अलॉट की गई हैं और रिक्त सीटों की संख्या 357 सीटें दिखाई गई हैं।
दाखिला प्रक्रिया 11 तक, 12 को जमा होगी फीस
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के शेड्यूल के अनुसार 11 अगस्त तक दाखिले किए जाएंगे। शेड्यूल के अनुसार नौ अगस्त को रविवार का अवकाश रहेगा। इस दौरान विद्यार्थियों को फीस भरने का एक दिन अतिरिक्त मिलेगा। विद्यार्थी 12 अगस्त तक फीस जमा करवा सकेंगे। इसके बाद 14 अगस्त को चौथे व अंतिम ऑनलाइन चरण की प्रक्रिया शुरू होगी। चौथे चरण के लिए 14 अगस्त को पोर्टल खोल दिया जाएगा और रिक्त सीटें दर्शाई जाएंगी। इसके तहत 16 अगस्त तक आवेदनों में संशोधन किए जा सकेंगे। हालांकि 15 व 16 अगस्त को राजपत्रित अवकाश रहेगा। परंतु 15 अगस्त को संशोधन के लिए दाखिला समिति के सदस्यों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके बाद 18 अगस्त को चौथी व अंतिम सूची जारी कर सीट अलॉट की जाएगी।
आईटीआई की तीसरी ऑनलाइन वरीयता सूची में कुल 374 सीटें आवंटित की गई हैं। इसमें से 54 पर दाखिले हो गए हैं और शेष के लिए 11 अगस्त तक प्रक्रिया चलेगी। विद्यार्थी 12 अगस्त तक फीस भर सकते हैं। - भूपिंद्र सिंह सांगवान, प्राचार्य नोडल आईटीआई।