संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। केंचुआ खाद का प्लांंट लगाने पर नाम पर सात लोगों से 36 लाख 10 हजार रुपये लेकर हड़प लिए गए। आरोप एग्रो नेचर फार्मिंग कंपनी के हिस्सेदार जोगिंद्र राज, राकेश शर्मा, नितिन शर्मा, गौरव, गोविंद, सुमन, प्रदीप, आरती व संतोष पर लगा है। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने सभी नौ आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मारवां खुर्द गांव निवासी सिया राम, रानीपुर निवासी यशपाल, छछरौली निवासी ईश्वर चंद्र, अंबाला निवासी पवन कुमार, खजूरी रोड निवासी अनुपम आर्य, अंबाला कैंट निवासी प्रेमलता व भूपेश खन्ना आदि ने बताया कि वह काम की तलाश में थे। वे सभी छोटे किसान हैं। कुछ माह पहले उनके पास एग्रो नेचर फार्मिंग कंपनी से जोगिंद्र राज व राकेश शर्मा आए।
आरोपियों ने उनसे कहा कि उनकी कंपनी जमीन पर केंचुआ खाद का प्लांट लगा रही है। कंपनी में 10 हजार रुपये केंचुआ खाद प्रति बैड के लिए लगाने होंगेष रुपये कंपनी के खाते में जमा होंगे। उसके बदले में एडवांस चेक दिया जाएगा। जब केंचुआ खाद तैयार हो जाएगा तो उसे कंपनी बेचेगी और किसानों को 22 हजार रुपये प्रति माह दिया जाएगा। इस संबंध में आरोपियों ने इकरारनामा भी किया।
शुरूआत में कंपनी की ओर से रुपये मिलते रहे। नवरी 2025 से कंपनी ने रुपये देने बंद कर दिए। कंपनी के कार्यालय में भी गए तो वहां से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोपियों ने उनसे 36 लाख 10 हजार रुपये का निवेश कराया गया। काफी चक्कर काटने के बाद भी कंपनी ने रुपये नहीं दिए। जब उन्होंने आरोपियों से रुपये मांगे गए तो उन्हें धमकी दी जाने लगी।
जिसके बाद 13 मई को उन्होंने पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भोरिया का शिकायत दी। पुलिस अधीक्षक ने सेक्टर 17 थाना पुलिस को मामले की जांच कर केस दर्ज करने के आदेश दिए। थाना प्रभारी सुरेश का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।