संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। आईटीआई में दाखिला लेने के लिए आवेदन करने का विद्यार्थियों के पास पांच दिन शेष हैं। हरियाणा कौशल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से आवेदन के लिए 20 जून अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। विद्यार्थी शुक्रवार रात 11 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिले की नोडल आईटीआई की 1,348 सीट पर 2,550 विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं।
जिले की सबसे बड़ी पुरानी व नोडल आईटीआई में दाखिला लेना विद्यार्थियों की पहली पसंद है। यमुनानगर जगाधरी शहर सहित पास के गांव के अलावा दूर कस्बों के विद्यार्थी भी नोडल आईटीआई में दाखिला लेने के लिए आवेदन कर रहे हैं। चूंकि नोडल आईटीआई में सबसे ज्यादा ट्रेड व यूनिट उपलब्ध हैं। यही कारण है कि यह विद्यार्थियों की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके अलावा यमुनानगर आईटीआई प्रदेश की अकेला ऐसा संस्थान है, जिसमें इलेक्ट्रोप्लेटर ट्रेड करवाई जा रही है। औद्योगिक क्षेत्रों में इलेक्ट्रोप्लेटर ट्रेड के लोगाें की भारी मांग है। इसके चलते इस आईटीआई में आवेदन करने वालों की संख्या अधिक है। हालांकि पिछले साल की तुलना में अभी तीन तिहाई ही आवेदन हुए हैं।
रविवार को अवकाश के कारण आईटीआई बंद रही। ऐसे में विद्यार्थियों को बाहर से आवेदन करना पड़ा। नोडल आईटीआई में शनिवार तक 2487 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। रविवार को यह संख्या 2550 पहुंच गई। छुट्टी होने के कारण बेहद कम आवेदन हो पाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अंतिम दिनों में आवेदन करने वालों की संख्या ज्यादा बढ़ेगी। इस बार करीब सात हजार आवेदन होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
वही दूसरी तरफ रविवार को कौशल विभाग के दाखिला पोर्टल ने परेशान किया। इस दौरान पोर्टल अटक-अटक कर चला। जिससे विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, सीएससी व कंप्यूटर कैफे से आवेदन करने वालों को ज्यादा दिक्कत आई। दोपहर बाद तो पोर्टल बिल्कुल धीमा हो गया। जिस कारण आवेदन करने में काफी परेशानी हुई।
प्राचार्य दीपेश महेंद्रू ने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक नियमित रूप से संस्थान में आवेदन किए जाएंगे। अंतिम दिनों में आवेदन करने वालों की संख्या बढ़ती है। यदि आवश्यकता पड़ी तो दाखिला समिति के सदस्यों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए संस्थान में सभी प्रबंध किए गए हैं।
इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की एक सीट पर 10 से ज्यादा दावेदार
आईटीआई की इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की मेरिट लिस्ट सबसे ऊंची जाने की उम्मीद है। पिछले साल भी इस ट्रेड में कट ऑफ लिस्ट शत से भी पांच प्रतिशत पहुंच गई थी। चूंकि पांच प्रतिशत अंक विद्यार्थियों को विषय व अन्य गतिविधियों के मिले थे। इस बार भी इस ट्रेड में सबसे ज्यादा आवेदन हुए हैं। इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की एक सीट के लिए दस से ज्यादा विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। नोडल आईटीआई में इलेक्ट्रिशियन की कुल 40 सीवों पर करीब 500 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।