संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले की सभी अनाज मंडियों में गेहूं की खरीद शुरू हो चुकी है। सरकारी खरीद एजेंसियों की ओर से अनाज मंडियों में गेहूं की खरीद निर्धारित मानदंडों के अनुसार सुचारू रूप से 2425 रुपये प्रति क्विंटल की जा रही है। चालू रबी सीजन के दौरान 8 अप्रैल तक जिला की विभिन्न अनाज मंडियों में कुल 2536 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है।
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा 286 मीट्रिक टन, हैफेड द्वारा 1630 मीट्रिक टन व हरियाणा वेयर हाउस कारपोरेशन द्वारा 620 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। उन्होंने बताया कि अप्रैल तक जिला की बिलासपुर अनाज मंडी में 473 मीट्रिक टन गेहूं, छछरौली मंडी में 129 मीट्रिक टन गेहूं, जगाधरी मंडी में 345 मीट्रिक टन गेहूं, सरस्वती नगर में 762 मीट्रिक टन गेहूं, रादौर में 450 मीट्रिक टन गेहूं, साढ़ौरा मंडी में 377 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है।
उपायुक्त गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अनाज मंडियों में पेयजल व्यवस्था, सफाई व शौचालय व्यवस्था, बिजली व्यवस्था आदि सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें ताकि किसानों को अपनी गेहूं की उपज को बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि मंडियों में सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हों ताकि गेहूं खरीद से जुड़े आढ़तियों, मंडियों में मजदूरों व किसानों को सभी सुविधाएं मिले।