यमुनानगर। जगाधरी के प्रकाश चौक के पास स्थित बर्तन बनाने की फैक्टरी से चोर करीब 250 किलो तांबा और पीतल की स्क्रैप चोरी कर ले गए। चोरी की वारदात फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इसके बाद उसने मामले की शिकायत शहर जगाधरी पुलिस को दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी की जैन नगर कॉलोनी निवासी सजल जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि प्रकाश चौक के पास उसकी बर्तन बनाने की फैक्टरी है। नौ नवंबर को वह देर शाम फैक्टरी में काम खत्म करवाकर घर चला गया था। अगले दिन सुबह जब वह फैक्टरी पहुंचा तो वहां सामान बिखरा हुआ मिला। उसे फैक्टरी में चोरी होने का शक हुआ।
इसके बाद उसने सामान की जांच की तो पता चला कि वहां रखा तांबे और पीतल की स्क्रैप गायब है। सजल जैन ने बताया कि फैक्टरी से करीब 250 किलो तांबे और पीतल की स्क्रैप चोरी हुई है। इसके बाद उसने फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन चोर फैक्टरी के अंदर से तांबे और पीतल की स्क्रैप चोरी करते दिखाई दिए। वारदात का पता चलने पर उसने पुलिस को सूचना दी। शहर जगाधरी थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।