रादौर। जमीन बेचने के नाम पर दंपती ने नगर पालिका रादौर की एक पूर्व महिला पार्षद से 25 लाख रुपये ऐंठ लिए। पूर्व पार्षद ने इसकी शिकायत न्यायालय में की। इस पर न्यायालय ने रादौर पुलिस को आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए। पूर्व पार्षद रितु रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी रणजीत सैनी और उसकी पत्नी स्नेहलता ने जून 2023 में दो एकड़ भूमि रादौर के बरखा राम से खरीदी थी।
आरोप है कि रणजीत सैनी व उसकी पत्नी स्नेहलता ने बरखाराम की भूमि खरीदने की एवज में उसे 70 लाख रुपये के पांच चैक दिए थे। रणजीत सिंह ने खरीदी गई उपरोक्त भूमि में से एक एकड़ भूमि उसे (पूर्व पार्षद रितु रानी) को 43 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था।
रणजीत और उसकी पत्नी स्नेहलता ने उससे (पूर्व पार्षद रितु रानी) 23 लाख रुपये केनरा बैंक से 24 जुलाई 2023 को और दो लाख रुपये नकद ब्याने के तौर पर पाए थे। इस दौरान खरीदी गई भूमि के पहले मालिक बरखाराम को रणजीत सैनी की ओर से भूमि खरीदने की एवज में दिए गए 70 लाख रुपये के चेक बाउंस हो गए।
इसकी शिकायत बरखा राम ने एसपी से की। एसपी ने पुलिस को कार्रवाई करने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान रणजीत सैनी व उसकी पत्नी ने शिकायतकर्ता के साथ समझौता करते हुए रजिस्ट्री को रद्द करवा दिया। इस दौरान आरोपी रणजीत और उसकी पत्नी ने पुलिस और कोर्ट से यह बात छिपाई की रद्द कराई गई रजिस्ट्री को आगे बेचने के लिए उसने पूर्व पार्षद रितु रानी से 25 लाख रुपये ब्याना लिया हुआ है।
रितु रानी ने बताया कि मामले की शिकायत न्यायालय से की। इस पर न्यायालय ने सुनवाई कर रादौर पुलिस को रणजीत सैनी व उसकी पत्नी स्नेहलता पर केस दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दोनों पर केस दर्ज किया है।