जठलाना पुलिस थाना के पास स्थित पेट्रोल पंप पर दो बदमाश सेल्समैन से 22 हजार रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गये। पेट्रोल पंप पर हुई यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक की शिकायत पर अज्ञात दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव जठलाना निवासी रविंद्र पुनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव में एसकेएस पेट्रोल पंप के नाम से पेट्रोल पंप चलाता है। छह सितंबर की अल सुबह उसके पेट्रोल पंप पर उसका सेल्समैन पारस निवासी बहादुरपुर व सचिन कार्यालय में सोये हुए थे। लगभग साढ़े तीन बजे सुबह पेट्रोल पंप पर दो अज्ञात युवक पेट्रोल डलवाने के लिए आये और उन्होंने पेट्रोल पंप के कार्यालय का दरवाजा खटखटाया। इस दौरान सेल्समैन पारस कार्यालय से उठकर तेल डालने के लिए बाहर आया। जैसे ही सेल्समैन पेट्रोल डालने लगा तो 22 हजार की गट्ठी नीचे गिर गई। जिसे बदमाश उठाकर यमुनानगर की ओर फरार हो गए।