संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा की ओर से आईटीआई संस्थान में प्रधानमंत्री शिक्षुता एवं रोजगार मेला लगाया गया। मेला आईटीआई पास कर चुके विद्यार्थियों को नौकरी उपलब्ध करवाने के लिए लगाया गया। इस दौरान 197 युवाओं को नौकरी मिली।
मेले में यमुनानगर के अलावा हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों व जिलों की कुल 11 कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे। मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों का मौके पर ही पंजीकरण किया गया। इस दौरान जिलेभर से 440 युवाओं ने आवेदन किया। कंपनी ने अपने नियमों के अनुसार विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा व साक्षात्कार लिया।
पांच कंपनियों ने अभ्यर्थियों का लिखित व निजी साक्षात्कार से चयन किया। छह कंपनियों के प्रतिनिधियों ने केवल साक्षात्कार से अभ्यर्थियों का चयन किया। यह मेला रोजगार अधिकारी पवन कुमार कांबोज के नेतृत्व में लगाया गया। मेले का शुभारंभ आईएसजीईसी के प्रशिक्षण महाप्रबंधक डीएन मिश्रा ने रिबन काटकर किया।
रोजगार अधिकारी पवन कुमार कांबोज ने बताया कि इस रोजगार मेले में यमुनानगर की इस्जैक हेवी इंजीनियरिंग, चंद्रपुर वर्कस लिमिडेट जोडिया, अशोका लेलैंड देहरादून, एसपीएस बायो यमुनानगर, वर्लपूल फरीदाबाद, मर्दसन सूमि नोएडा, हीरो ई-साइकिल लुधियाना, यूनो मिंडा मानेसर, स्वराज मोहाली, रॉकमैन लुधियाना, फिल्डकिंग करनाल ने भाग लिया।
मेले में कुल 440 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया। पहला चरण कुल 232 अभ्यर्थियों ने पास किया। इसके बाद अभ्यर्थियों का निजी व काम संबंधी साक्षात्कार लिया गया। जिसके बाद कुल 197 अभ्यर्थियों का चयन नौकरी के लिए किया गया। पवन कुमार कांबोज ने बताया कुछ अभ्यर्थियों को मौके पर ज्वाइनिंग लैटर दे दिए गए हैं। शेष के नियुक्ति पत्र बाद में भेजे जाएंगे। कार्यक्रम प्राचार्य भूपेश महेंद्रू की अध्यक्षता में करवाया गया।