यमुनानगर। सीटीएम ने विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के सदस्यों की बैठक ली। बैठक में चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का रेशनेलाइजेशन करवाने को लेकर चर्चा की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश पीयूष गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रेशनेलाइजेशन करवाया जाएगा। जहां मतदाता की संख्या 1500 से अधिक है और मतदान केंद्रों का भवन क्षतिग्रस्त हो गया है, उसे बदलने के लिए चुनाव आयोग को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले के साढौरा निर्वाचन विधानसभा क्षेत्र में रेशनेलाइजेशन से संबंधित कोई प्रस्ताव नहीं है जबकि जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र नंबर 197 व 198 एसडीओ कार्यालय बिजली निगम, 29 व 30 ताजेवाला के लिए नए मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। वहीं यमुनानगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्र 15 नगांवा जागीर, 106 संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल, 139, 140 व 141 न्यू सरस्वती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी, 175 गढ़वाली धर्मशाला जम्मू कॉलोनी, 176, 177 सर्वजातीय सामुदायिक केंद्र, 168 राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला कैंप, 188 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुराना हमीदा के लिए नए मतदान केंद्र बनाए जाने हैं।
इसके अलावा रादौर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्र 70, 71 टोपरा कलां, 75 मसाना जट्टान, 159 नागल व 24 राजकीय प्राथमिक पाठशाला ससौली के लिए नए मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। सीटीएम ने बताया कि आयोग की नवीनतम हिदायत अनुसार ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में जहां किसी मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1500 से अधिक हो जाती है, वहां नया मतदान केंद्र बनाया जा सकता है। जिले में मतदान केंद्रों के रेशनेलाइजेशन संबंधित प्रस्तावों की सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवलोकन के लिए दी गई है।
चारों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ मतदाताओं की घर घर जांच कर रहे हैं। मतदाता सूची के द्वितीय विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं सूचियों को प्रारंभिक प्रकाशन 25 जुलाई को किया जाएगा। ड्राफ्ट मतदाताओं सूचियां आम जनता के निरीक्षण के लिए 25 जुलाई से 9 सितंबर तक मतदान केंद्रों पर नियुक्त बीएलओ के पास उपलब्ध रहेगी। कोई भी मतदाता सूचियों का नि:शुल्क निरीक्षण कर सकता है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों की दावे व आपत्तियां 25 जुलाई से 9 सितंबर की अवधि के दौरान प्राप्त की जाएगी। मतदाताओं सूचियों को पूर्ण रूप से शुद्ध करने के उद्देश्य से बीएलओ नियुक्त किए गए हैं। विशेष अभियान के तहत 27 व 28 जुलाई और तीन व चार अगस्त को अपने मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे और मतदाता सूची की पड़ताल की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति का नाम व फोटोग्राफी मतदाता सूची में गलत है तो वह शुद्ध करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई को अर्हता की तिथि मानकर यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो उसे नई वोट के लिए फार्म नंबर 6 भरवाया जाएगा।