संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रायपुर गांव में कृषि योग्य यूरिया के अवैध भंडारण की सूचना पर कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। टीम ने गोदाम से 189 यूरिया के बैग बरामद किए। पुलिस ने कृषि विभाग की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है।
उपमंडल कृषि अधिकारी जगाधरी अजय कुमार ने बताया कि वीरवार को सूचना मिली थी कि खजूरी रोड स्थित एक गोदाम में किसानों के लिए अनुदानित यूरिया खाद का अवैध रूप से भंडारण कर उसका औद्योगिक उपयोग किए जाने की तैयारी है। सूचना के आधार पर कृषि विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची।
गोदाम बंद होने के कारण पहले बाहर से निरीक्षण किया गया, जहां अंदर यूरिया के कट्टे दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में गोदाम खुलवाया गया। जांच के दौरान 118 बैग केआरआईबीएचसीओ और 71 बैग आरसीएफ निर्मित कृषि योग्य यूरिया खाद बरामद हुई। कुल 189 बैग बरामद हुए, प्रत्येक बैग में 45 किलोग्राम वजन पाया गया।
गोदाम रायपुर निवासी शादिक का बताया गया है, हालांकि पुलिस अभी जांच कर रही है। कृषि विभाग ने मौके से यूरिया के दो नमूने लेकर जांच के लिए सुरक्षित किए तथा बरामद खाद को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। अधिकारियों का कहना है कि किसानों के लिए सब्सिडी पर उपलब्ध कराई जाने वाली खाद का औद्योगिक उपयोग सरकारी अनुदान का दुरुपयोग और धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है।