संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डी-प्लान के तहत जिले में होने वाले विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से एडीसी नवीन आहूजा ने अपने कार्यालय में वीरवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए 19.57 करोड़ से 174 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई।
एडीसी आहूजा ने बताया कि सरकार की ओर से वर्ष 2025-26 के लिए डी-प्लान योजना के अंतर्गत जिला यमुनानगर को 19.57 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इस राशि से जिले में कुल 174 विकास कार्य कराए जाने हैं, जिन्हें जिला विकास एवं निगरानी समिति द्वारा अनुमोदित किया जा चुका है। ये विकास कार्य नगर निगम, पंचायती राज विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, शिक्षा विभाग तथा शहरी स्थानीय निकाय विभागों के माध्यम से करवाए जाएंगे।
बैठक के दौरान सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। एडीसी ने कहा कि डी-प्लान योजना जिले के समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि समय पर कार्य पूर्ण हो सके। स्वीकृत सभी कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च स्तर की होनी चाहिए। यदि किसी कार्य में मानकों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बिलों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दस्तावेज योजना कार्यालय में शीघ्र जमा कराए जाएं, ताकि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। समीक्षा बैठक में योजना अधिकारी संजय चौधरी, पंचायती राज विभाग के एक्सईएन लव कुमार, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता सौरभ अहलावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।