संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिला बार एसोसिएशन चुनाव के नामांकन करने का मंगलवार को अंतिम दिन रहा। अंतिम दिन दोपहर तीन बजे तक प्रधान, उप-प्रधान कोषाध्यक्ष व अन्य पदों के लिए कुल पांच उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, पहले दिन कुल 11 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। अब बार चुनाव के मैदान में कुल 16 उम्मीदवार हैं।
बार के नए पदाधिकारी चुनने के लिए अधिवक्ता 11 सितंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नामांकन के बाद उम्मीदवारों ने प्रचार भी तेज कर दिया है। चुनाव अधिकारी गुरमेल सिंह मानीपुर व सहायक चुनाव अधिकारी विक्रम प्रताप को उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र सौंपे। चुनाव अधिकारी गुरमेल सिंह मानीपुर ने बताया कि मंगलवार को बार प्रधान पद के लिए अधिवक्ता दिनेश चौहान ने नामांकन पत्र भरा है।
वहीं उप-प्रधान के लिए अधिवक्ता राकेश कुमार दरवाल ने नामांकन पत्र दिया है। इसके अलावा महासचिव के लिए नितेश बंसल, आरक्षित संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्मी रानी और कोषाध्यक्ष के लिए साहिल शर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। उन्होंने बताया कि सभी उम्मीदवारों के नामांकन रख लिए गए हैं। दो सितंबर को नामांकन पत्रों की छंटनी, आपत्ति ली जाएंगी। उम्मीदवारों के पास नामांकन वापस लेना के लिए तीन सितंबर तक समय होगा। नामांकन वापसी के बाद इसी दिन शेष उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी।
चुनाव अधिकारी ने बताया कि किसी पद के लिए एक ही उम्मीदवार रह जाता तो उसका नाम तीन सितंबर को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रधान पद के लिए अधिवक्ता प्रदीप राठौर और दिनेश चौहान आमने-सामने हैं। महिला आरक्षित उप-प्रधान पद के लिए अधिवक्ता गरिमा सिंह खुराना, काजल ढांडा और रजनीश बाला मैदान में हैं।
अनारक्षित उप-प्रधान पद के लिए अधिवक्ता जसवीर राणा, धर्मवीर राठी व राकेश कुमार दरवाल चुनाव लड़ रहे हैं। महासचिव पद के लिए पंकज शर्मा और नितेश बंसल ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं, आरक्षित सह-सचिव पद के लिए अधिवक्ता सीमा कांबोज, शिवानी नागपाल और लक्ष्मी रानी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा। कोषाध्यक्ष पद के लिए पूजा सिंघल, सुमित सैनी व साहिल शर्मा नामांकन दायर कर चुके हैं।