बारिश से चुनावी गर्मी में सर्दी की आहट, मतदान के दिन पांच डिग्री से नीचे पहुंच सकता है न्यूनतम तापमान
यमुनानगर। निगम चुनाव को लेकर शहर में सियासी पारा उफान पर है। नेताओं के जनसंपर्क और तूफानी दौरे से जहां शहर का मिजाज गरमाया हुआ है वहीं, मौसम ने गोता लगाकर फिजा में ठंड घोल दी है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह में अमूमन सर्दी की आहट हो ही जाती थी लेकिन बादलों ने अभी तक इसका रास्ता रोक रखा था। बुधवार अलसुबह चार बजे गरज के साथ बारिश शुरू हो गई और सात बजे तक हल्की बारिश होती रही। उसके बाद दिनभर रूक रूक कर बारिश होती रही। साथ ही करीब 20 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चली। बारिश और ठंडी हवा से तापमान में छह डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली। बुधवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री तक पहुंच गया। बादलों ने दिन भर लुका-छिपी का खेल खेला। वहीं आने वाला पूरा सप्ताह कड़ाके की ठंड की चपेट में आएगा और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस के रिकार्ड स्तर पर पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी बादल छाएं रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस सप्ताह तक घना कोहरा भी पड़ सकता है। वहीं मतदान के दिन 16 दिसंबर को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री रहने का अनुमान है।
जैकेट और मफलर में प्रत्याशी
ठंड बढ़ने के साथ ही जहां मार्ऩिग वॉक पर निकलने वाले लोग स्वेटर और जैकेट पहनकर ही बाहर निकलना मुनासिब समझ रहे हैं। वहीं दिनरात प्रचार में जुटे प्रत्याशियों ने भी जैकेट और मफलर डाल लिया है।
बॉक्स
पांच डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
तारीख न्यूनतम अधिकतम
12 नवंबर 09 18
13 नवंबर 07 20
14 नवंबर 06 21
15 नवंबर 05 22
16 नवंबर 05 19
17 नवंबर 06 20
18 नवंबर 06 20
19 नवंबर 05 19
बॉक्स
प्रत्याशियों के लिए डॉक्टर की सलाह
गवर्नमेंट अस्पताल के एमएस डॉक्टर विजय दहिया ने सलाह दी है कि ज्यादा ठंडा पानी न पिएं और न ही ठंडे पानी से नहाएं। हृदय रोगी और बुजुर्ग सुबह जल्दी टहलने न निकलें। गर्म कपड़े पहन कर ही घर से बाहर निकलने। खाने में भी सावधानी बरतें। क्योंकि ज्यादा समय तक भाषण देने से गले में इंफेक्शन होने का खतरा बढ़ सकता है।
फोटो नंबर