नगर निगम चुनाव: एक-दूसरे के इंतजार में इनेलो-बसपा और कांग्रेस ने टाला उम्मीदवार का फैसला, इधर भाजपा ने पार्षद प्रत्याशियों की लिस्ट भी कर दी जारी
यमुनानगर। जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए इनेलो-बसपा व कांग्रेस में मेयर उम्मीदवार को लेकर जबरदस्त कंपीटिशन देखने को मिल रहा है। दोनों ने एक-दूसरे के इंतजार में मेयर उम्मीदवार का फैसला फिर से सोमवार को टाल दिया। बसपा ने जहां मंगलवार दोपहर दो बजे मेयर प्रत्याशी का नाम घोषित करने करने का फैसला लिया, वहीं कांग्रेस भी इसके आधे घंटे बाद अपने समर्थित उम्मीदवार का एलान करेगी। इस संबंध में देर रात तक कांग्रेस पदाधिकारियों मीटिंग चलती रही। कांग्रेस ने जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए तीन और लोगों के बायोडाटा शामिल किए हैं। जिससे अब पांच टिकटार्थी हो गए हैं। इनमें पूर्व विधायक प्रत्याशी देवेंद्र चावला, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल गोयल व देवेंद्र सिंह के नाम शामिल हैं। उधर, भाजपा ने एक वार्ड को छोड़कर 21 वार्डों के लिए अपने पार्षद प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी कर दी।
बॉक्स
बसपा ने ढूंढ लिया चेहरा
इनेलो-बसपा की दिनभर चली गुप्त मीटिंग में मेयर का चेहरा ढूंढ लिया गया है। यह चेहरा बसपा का होगा। लेकिन इसकी घोषणा मंगलवार यानि आज करनाल व यमुनानगर से होगी। साथ ही पार्षदों के नामों की भी लिस्ट जारी हो जाएगी। बसपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने अमर उजाला से हुई बातचीत में यह बताया है। उन्होंने बताया कि पांचों निगमों के मेयर व पार्षदों का इन दोनों स्थानों से मंगलवार को कहीं भी हो सकता है और पार्टी यह चुनाव जीतेगी। इनेलो-बसपा देरशाम तक मेयर के नाम को सार्वजनिक कर देगी। मगर देरशाम को मेयर प्रत्याशी फाइनल होने के बाद पार्टी ने रिपोर्ट हाईकमान को सौंपी।
बॉक्स
जातीय समीकरण पर कांग्रेस की माथा पच्ची
कांग्रेस द्वारा बनाई गई नौ सदस्यों कमेटी ने सुबह से लेकर देर रात तक अलग-अलग जगहों पर मीटिंग की। जातीय समीकरण को देखते हुए कमेटी ने तीन ओर नामों को मेयर के लिए चुना। ऐसे में मेयर के दावेदारी में पांच लोग शामिल हो गए। बताया जा रहा है कि यदि इनेलो-बसपा मेयर पद पर ब्रह्मण समुदाय के व्यक्ति को खड़ा करती है तो कांग्रेस पंजाबी समुदाय के दिग्गज को टिकट देगी। उधर, राजकुमार त्यागी ने अमर उजाला को बताया कि बसपा से बातचीत जारी है। इसका फैसला मंगलवार को हो जाएगा। लेकिन उनकी तरफ से मेयर के लिए पूरा बायोडाटा तैयार पड़ा है।
बॉक्स
कांग्रेस की तरफ से इनका नाम आया आगे
सोमवार को देर शाम तक हुई मीटिंग में कमेटी ने जातीय समीकरण को देखते हुए देवेंद्र चावला, देवेंद्र सिंह व अनिल गोयल का नाम आगे लेकर आई है। जबकि जिमखाना क्लब में हुई मीटिंग में भी इन नामों की चर्चा हुई थी। मगर उस वक्त कोई नतीजा न निकलने के बाद नौ सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था। वहीं पार्टी ने भी मेयर के पद के दावेदार के लिए कमेटी पर फैसला छोड़ा हुआ है क्योंकि पार्टी पहले ही सिंबल पर चुनाव न लड़ने का फैसला कर चुकी है।