आधी रात को घर में लगी आग, पति-पत्नी की मौत, दो बच्चों की हालत गंभीर
-थाना छप्पर के गांव काजीबांस में रात ढाई बजे घटना, मामा बोला- शॉर्ट सर्किट से लगी आग से दोनों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। गांव काजीबांस में शनिवार आधी रात को संदिग्ध परिस्थितियों में घर में आग लगने से एक परिवार के दंपति की मौत हो गई, जबकि दो उनके बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। रविवार की सुबह बताया गया था कि पति ने घरेलू कलह के चलते पहले पत्नी को आग लगाई, फिर खुद जहरीला पदार्थ निगल कर जान दे दी। इससे पास में सो रहे दो बच्चे भी आग की चपेट आ गए, जो बुरी तरह झुुलस गए। हालांकि पोस्टमार्टम के समय महिला के मामा ने पुलिस को दिए बयान में दोनों की मौत शॉर्ट सर्किट से लगी आग में झुलसने से होना बताया।
पुलिस को दिए बयान में गांव काजीबांस निवासी मनोज ने बताया कि उसकी बहन की मौत के बाद भांजी बंतो (42) उसके पास ही रहती थी। वह गांव झाड़चंदना स्थित आंगनबाड़ी में आशा वर्कर थी। साल 2000 में उसकी शादी पंजाब के जिला पटियाला के गांव चुगियां निवासी सुभाष के साथ हुई थी। इनसे चार बच्चे दो बेटियां व एक बेटा है। सुभाष शादी के बाद गांव काजीबांस में ही घर जमाई रह रहा था। वह खुद का ट्रक चलाता था। मनोज ने बताया कि बंतो की बड़ी बेटी सतविंद्र कौर दूसरे मामा के घर सोई हुई थी। जबकि बेटा अवतार (10) और बेटी बलविंद्र कौर (13) अपने माता-पिता के साथ कमरे में सोए हुए थे और वह भी पास के कमरे में सोया हुआ था। तभी रात को करीब ढाई बजे कमरे से चिल्लाने की आवाजें आनी शुरू हो गईं। इसके बाद उसने ग्रामीणों को बुलाकर कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर देखा तो चारों सदस्य आग से झुलसे हुए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल लेकर आए। वहां सुभाष व बंतो दोनों ने दम तोड़ दिया, जबकि दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं। मनोज ने बताया कि कमरे में आग शार्ट सर्किट से लगी है। इसकी चपेट में चारों आ गए और इस दौरान बंतो व सुभाष की मौत हो गई। उधर सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस व फोरेसिंग टीम मौके पर पहुंच गई।
---
लड़की के मामा मनोज के बयान पर कार्रवाई की गई है। अपने बयान में उसने बताया कि शॉर्ट सर्किट की वजह से घर में आग लगी थी। तीन डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए।
-सतपाल, जांच अधिकारी, थाना छप्पर
फोटो-33 से 36 तक