योजनाओं को सही ढंग से लागू करने के लिए एडीसी ने ली मीटिंग
यमुनानगर। अतिरिक्त उपायुक्त केके भादू ने जिला सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और ग्रामीण विकास की योजनाओं को सही ढंग से लागू करने के लिए उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ग्रामीण विकास के लिए केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा जन कल्याण में चलाई जा रही योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।
एडीसी ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, एमपी लैंड योजना, मनरेगा, सांसद आदर्श ग्राम योजना, विधायक आदर्श ग्राम योजना व स्वच्छ भारत मिशन योजना की विस्तार से समीक्षा की और योजनाओं के सही ढंग से क्रियान्वयन के लिए संबधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार की बैठक हर महीने पहले सोमवार को प्रात: 11 बजे जिला सचिवालय के सभा कक्ष में होगी। सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यों पर फोकस करें व हर अधिकारी द्वारा किए गए अच्छे विकास कार्य का वे समय-समय पर स्वयं निरीक्षण करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि योग्य लाभपात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत घर बनवाने के ठोस कदम उठाए और लोगों को पुरानी योजना इंदिरा आवास योजना के तहत तीसरी किश्त शीघ्र दिलवाने के कदम भी उठाए। उन्होंने यह भी कहा कि सांसद विकास निधि योजना के तहत जो कार्य पूर्ण हो गए है उनके उपयोगिता प्रमाण पत्र कार्यालय की संबंधित शाखा को शीघ्र भिजवाए और जो विकास कार्य पूर्ण हुए है वहां पर सूचना पट अवश्य लगवाए। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में मनरेगा योजना के तहत लगभग 15 करोड़ रुपये की राशि से विकास कार्य करवाए जाएंगे। इस मौके पर पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता रविन्द्र राठौर, छछरौली के बीडीपीओ जोगेश कुमार, जिला परियोजना अधिकारी हाकम सिंह राणा आदि मौजूद रहे।
फोटो नंबर 22