बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग कर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उड़ाया ट्रैफिक नियमों का मखौल
-विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल गुर्जर समेत तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता थे बिना हेलमेट
-जोश में होश खो बैठे बीजेपी कार्यकर्ता, कानून को ठेंगा दिखा निकाली बाइक रैली
यमुनानगर
मोदी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर सरकार की उपलब्धि बताने के लिए शुक्रवार को छछरौली में बीजेपी की तरफ से बाइक रैली निकाली गई। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था, लेकिन इस जोश में कार्यकर्ता होश खो बैठे और जमकर ट्रैफिक नियम की अवहेलना की। हैरान करने वाली बात ये रही कि विधानसभा स्पीकर कंवरपाल गुर्जर, उनके गनमैन समेत तमाम कार्यकर्ता बिना हेलमेट के बाइकों पर थे। रैली में कार्यकर्ता ट्रिपल राइडिंग करते नजर आएं तो कई बाइकों की नंबर प्लेट ही गायब थी। कई कार्यकर्ताओं को जिस तरह से बाइक चलाते देखा गया उससे आम लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। रैली की सुरक्षा में लगी पुलिस टीम भी बाइक सवारों को रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाई।
बॉक्स: स्पीकर ने उत्साह बढ़ाया
बाइक रैली का स्पीकर कंवरपाल गुर्जर ने शुभारंभ किया। वे लगातार कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन तो करते रहे, लेकिन बगैर हेलमेट पहुंचे कार्यकर्ताओं को न तो टोका और और न ही सावधानी से बाइक चलाने की नसीहत दी। इतना ही नहीं खुद भी बिना हेलमेट के बाइक पर सवार हो गए और हाथ में झंडा लेकर कई किमी तक ऐसे ही सफर किया।
बॉक्स: देखती रही पुलिस
भाजपा की इस रैली की व्यवस्था के लिए काफी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। इनमें से किसी ने नंगे सिर बाइक चलाने वाले कार्यकर्ताओं को नहीं रोका और न ही कोई कार्रवाई। काफिले के साथ स्पीकर और भाजपा के बड़े पदाधिकारियों को देखकर कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं हुई।
बॉक्स:
समूचा भाजयुमो नंगे सिर
रैली में बड़ी संख्या में भारतीय जनता युवा मोर्चा के लोग शामिल थे। इनमें स्पीकर के लड़के निश्चल चौधरी, चेयरमैन विरेंद्र चौधरी, चेयरमैन सुलेखचंद कश्यप, भाजयुमो जिला अध्यक्ष संदीप गुर्जर, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष मोहित गर्ग, भाजपा मंडल महामंत्री सुशील मित्तल खदरी व शिव कुमार लेदी, भाजपा छछरौली मंडल मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, चेयरमैन विजय मिंटु, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक गुर्जर, मुदित बंसल खिजराबाद, जगाधरी अध्यक्ष अंकुश चौहान, भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सन्नी मलिक, महामंत्री नैब गनौला, कुलदीप राणा मांडखेड़ी, भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सचिन गुर्जर शामिल रहे।
बॉक्स:
पटाखा छोड़ते साइलेंसर व नंबर प्लेट भी गायब
रैली में शामिल होने पहुंचे भाजयुमो कार्यकर्ताओं की कई बुलेट का साइलेंसर पटाखा छोड़कर आवाज कर रहा था। इनसे निकले वाली आवाज से जबरदस्त ध्वनि प्रदूषण होता रहा। वहीं आधा दर्जन से ज्यादा बाइकें बिना नंबर प्लेट के थी।
बॉक्स:
ये है जुर्माना
वायलेंस पहली बार दूसरी बार
बिना हेलमेट- 100 400
पटाखा साइलेंसर- 1000 2000
ट्रिपल राइडिंग- 100 400
बिना नंबर प्लेट- 2000 गाड़ी जब्त
वर्जन
भाजपा की ओर से कार्यकर्ताओं को हेलमेट पहनकर रैली में शामिल होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन कार्यकर्ताओं ने जोश में हेलमेट नहीं पहना। भविष्य में यह ध्यान रखा जाएगा कि ट्रैफिक नियमों का पालन हो सके।-मोहित गर्ग, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष
फोटो नंबर 1