अधिकारियों की मंशा नहीं जमीन से कब्जा हटे, मिले हुए हैं सब : एमसी
न कानूनगो और न पटवारी, समय पर नहीं मिलते तहसीलदार : ईओ
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
नगर निगम की हाउस की अंतिम बैठक में निगम की जमीन पर अवैध कब्जों का मुद्दा छाया रहा। सभी पार्षदों ने उनके वार्डों में नगर निगम की जमीन पर हो रहे अवैध कब्जों का रोना रोया। एमसी निर्मल चौहान ने कहा कि आठ साल में नगर निगम अपनी ही खाली पड़ी जमीन पहचान नहीं कर पाया। कब्जा मुक्त करवाना तो दूर की बात। अधिकारियों की कब्जा मुक्त कराने की मंशा ही नहीं है। सभी अधिकारी मिले हुए हैं। इस पर ईओ दीपक ने जवाब दिया कि हमारे पास तहसीलदार व पटवारी नहीं है। हमारी नाक तले अवैध कब्जे हो जाते है। मुद्दे पर जमकर बहस होने के बाद निर्णय लिया गया कि हर मंगलवार को नगर निगम अधिकारी व पार्षदों की टीम अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई करेंगे। इसके लिए सोमवार तक पार्षदों को अपने क्षेत्र में हो रहे अवैध कब्जों की रिपोर्ट देनी होगी।
इलेक्शन के दौरान कैसे हटेंगे अवैध कब्जा
वार्ड नंबर 18 के एमसी कर्मबीर गोंदवाल ने औरंगाबाद में एक व्यक्ति ने निगम की जमीन पर अवैध कब्जा कर स्कूल का निर्माण शुरू किया हुआ है। आठ नौ माह पहले उसे नोटिस भी दे दिया गया। लेकिन इसके बाद निर्माण शुरू है, अब उसने बिल्डिंग पर लेंटर पर डाल दिया गया। अधिकारी जाते हैं। कुछ दिनों बाद इलेक्शन शुरू हो जाएंगे। फिर कैसे हटेगा अवैध कब्जा। ईओ ने कहा कि उनके पास तहसीलदार व पटवारी नहीं है। फिर भी निशानदेही करवा देते हैं। उसके बाद उसने तुड़वा देंगे। वार्ड नंबर 19 के एमसी नीरज राणा ने बताया कि उनके वार्ड में जोहड़ पर कब्जा कर फैक्ट्री बनवाई जा रही है। इसके जवाब में भी ईओ ने तहसीलदार व पटवारी न होने का रोना रोया।
व्हाट्सएप में फोटो डालने से नहीं होगी नालों की सफाई, ग्राउंड लेवल पर काम चाहिए
नालों की सफाई के मुद्दे पर ईओ ने कहा कि नालों की सफाई की जा रही है। नालों की सफाई का फोटो भी व्हाट्सएप पर डाला जा रहा है। चार पांच दिन में पोपलेन से नालों की सफाई की जाएगी। इस पर वार्ड नंबर 10 के एमसी सतपाल डग्गा ने कहा कि व्हाट्सएप पर फोटो डालने से नालों की सफाई नहीं होगी। आजाद नगर में आओ, नाले गंदगी से ब्लॉक पड़े हैं। ईओ का जवाब था कि नालों की हो रही सफाई है। एक दो दिन में डीसी स्वयं विजिट करेंगे।
बरसात होते ही मुझे फोन आते हैं, मैडम डूब गए
सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू ने कहा कि बरसात को देखते हुए सभी अधिकारियों की छुट्टी रद्द करो। एमसी निर्मल चौहान बोली, जब बरसात होती है तो मुझे फोन आने शुरू हो जाते है। मैडम, पानी भर गया, हम डूब रहे हैं। वार्ड नंबर 15 के एमसी रामपाल ने कहा कि इतने नाले होने के बाद भी शहर डूब जाता है। पिछली बार भी ऐसा हुआ। ईओ बोले, 15 जून तक सफाई हो जाएगी।
एसओ बोले, कल आई मेरे पास फाइल, तो पार्षदों ने बजाई तालियां
19 अप्रैल 2017 को हुई नगर निगम की आठवीं बैठक में हर वार्ड में विकास कार्यों के लिए 50-50 लाख रुपये के टेंडर पास हुए थे। इसके बाद तीन साधारण बैठक और एक बजट बैठक हुई। लेकिन इनमें जो विकास कार्य पास हुए थे, उसका कोई भी टेंडर नहीं लगा। जब निगम पार्षदों ने इसका जवाब ईओ से मांगा तो उन्होंने इशारा नगर निगम के एसओ बंसल की तरफ किया। एसओ ने कहा कि उनके पास कल ही फाइल आई है तो सभी पार्षदों ने तालियां बजाकर रोष जताया। पार्षदों का कहना था कि एक साल में अभी तक फाइल ही पहुंची, तो काम कब होंगे।
बॉक्स
एमपी, एमएलए की तरह एमसी को पेंशन मिलने के मुद्दे पर भिड़े बिट्टू व नीरज :
एमएलए व एमपी की तरह एमसी को भी पेंशन मिलने का प्रस्ताव मेयर द्वारा रखा गया। इसमें सभी पार्षदों ने हाथ उठाकर सहमति जताई। तभी सीनियर डिप्टी मेयर बोले कि मैं पेंशन नहीं लूंगा। तभी वार्ड नंबर 19 के पार्षद नीरज राणा बोले, पवन जी तनख्वाह क्यों लेते हैं? मुद्दों को लेकर दोनों एक दूसरे से भिड़ गए। पवन बिट्टू ने कहा कि वह अपनी तनख्वाह स्कूली बच्चों की फीस व उनकी स्टेशनरी पर खर्च करते हैं। निजी कार्यों में नहीं।
लीज पर दी जमीन पर बोले ईओ अगली बैठक में करेंगे पुष्टि, एमसी सिंघल बोली, अगली बैठक नहीं होगी : ईओ ने बताया कि गधोली गांव में नगर निगम की छह एकड़ जमीन को लीज पर दिया गया है। जहां पर पैलेस बनाया जा रहा है। इससे नगर निगम को आमदनी मिलेगी। पार्षदों ने पूछा कि इसकी पुष्टि किसने की। ईओ ने कहा कि अगली मीटिंग में पुष्टि करेंगे। तब पार्षद संगीता सिंघल बोली कि अगली मीटिंग नहीं होगी। तब तक इलेक्शन होंगे।
कुछ पॉजीटिव न्यूज भी :
बॉक्स
पांच साल बाद नालागढ़ की माजरी में स्कूल भवन के लिए मिली अप्रूवल :
वार्ड नंबर एक के एमसी रामस्वरूप 14 अक्तूबर 2013 को हुई हाउस की पहली बैठक से नालागढ़ की माजरी में स्कूल भवन का मुद्दा उठा रहे है। इसको लेकर स्कूली बच्चों ने कई बार प्रदर्शन भी किया। अंतिम बैठक में रामस्वरूप ने ईओ के समक्ष फिर अपना मुद्दा रखा। ईओ ने कहा कि पंचकूला से फाइल आ गई है। स्कूल भवन के लिए अप्रुवल मिल गई है। जल्द ही भवन बनाया जाएगा।
बॉक्स
नगर निगम कार्यालयों में बनाए जाएंगे सीएम सिटी सेंटर :
मीटिंग में ईओ ने बताया कि जगाधरी व यमुनानगर नगर निगम कार्यालयों में सीएम सिटी सेंटर बनाए जाएंगे। ये सिंगल विंडो सिस्टम होगा। यानि एक ही विंडो पर सभी शिकायते दर्ज होगी। शहर के लोगों को अपनी बिजली, सफाई, सड़क से संबंधित शिकायत इस सेंटर में दर्ज करानी होगी। अलग अलग डिपार्टमेंट में देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जल्द ही स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन से इसका उद्घाटन करवा कर जनता को समर्पित की जाएगी।
बॉक्स
शहर में बनेंगे पार्किंग स्थल, अस्पतालों व मैरिज पैलेज को दिए जाएंगे नोटिस
शहर में पार्किंग व्यवस्था न होने से सड़कों पर वाहन खड़े होते है। इससे जाम की स्थिति होती है। इससे निपटने के लिए नगर निगम हाउस की बैठक में शहर में पार्किंग स्थल बनाने का मुद्दा पास हुआ है। पार्किंग स्थल बनाने केे लिए एमसी अपने वार्ड में जगह निर्धारित करेंगे। कुछभ पार्षदों ने शहर के सिनेमा हॉल की जगह पर पार्किंग बनाने का सुझाव दिए। वार्ड नंबर सात की पार्षद कुसम त्यागी ने अस्पताल व मैरिज पैलेस के बाहर पार्किंग न होने के चलते जाम लगने की बात कहीं। ईओ ने कहा कि जिन अस्पतालों व मैरिज पैलेस के पास पार्किंग व्यवस्था नहीं है। सप्ताहभर में उन्हें नोटिस भेजे जाएंगे।
बॉक्स
ये प्रस्ताव हुए पास :
- नगर निगम की खाली पड़ी जमीनों को चिह्नित कर बोर्ड लगाए जाएंगे।
- गढ़ी गुजरान में खाली पड़ी नगर निगम की जमीन में तारबंदी व दीवार करवाई जाएगी।
- सभी वार्डों के मुख्य चौकों पर सीसीटीवी कैमरे व सिक्योरिटी गेट लगवाए जाएंगे।
- सभी वार्डों में कूड़ा उठाने वाले टिपर बराबर दिए जाएंगे।
- वार्ड नंबर 13 की एससी बस्ती में पानी निकासी के लिए नाला बनवाया जाएगा।
- जम्मू कॉलोनी में लाडो पार्क का विकास व पार्क में सुलभ शौचालय बनाया जाएगा।
- वार्ड नंबर 14 में शहीद रॉकी के नाम से हर्बल पार्क का निर्माण करवाया जाएगा।
- वार्ड नंबर 18 में बच्चों के खेलने के लिए स्टेडियम बनाया जाएगा।
- पंजेटो का माजरा में पूर्व मंत्री चौधरी शेर सिंह मेमोरियल के नाम से कम्यूनिटी सेंटर बनाया जाएगा।
- एमपी एमएलए की तरह एमसी को भी पेंशन मिले।
- जब्बी वाला गुरुद्वारा के पास बने पार्क का नाम डा. हेडगेवार पार्क रखा जाएगा।
- यमुना क्लब से होटल मेट्रो सड़क का नाम डा. हेडगेवार रखा जाएगा।
- पार्कों में बने पब्लिक हेल्थ की बिल्डिंग तुड़वाई जाएंगे।
- बंद गलियों में पब्लिक ट्यूबेवल (सबमर्सिबल) बनाए जाए।
- अंबाला जगाधरी रोड पर बने रक्षक विहार नाका चौक का नाम भगवान परशुराम रखा जाएगा।
फोटो नंबर 31, 32, 33, 34