स्पीकर की कोठी का घेराव करने जा रही कुक व मिड डे मिल वर्कर्स को पुलिस ने रोक
शहर में वर्कर्स ने निकाला रोष मार्च, पुलिस के रोकने पर सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
स्पीकर के न मिलने पर नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। एडिड स्कूलों से हटाई गई कुकों ने मिड डे मील वर्कर्स के साथ मिलकर मंगलवार को शहर में रोष मार्च निकाला। शहीद भगत सिंह चौक से रेलवे रोड पर जलूस निकालती हुई वर्कर्स स्पीकर की कोठी पर पहुंची। वर्कर्स यहां स्पीकर आवास का घेराव करने पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने बेरीकेट लगाकर उन्हें पहले ही रोक लिया। यहां वर्कर्स ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन मिड डे मील व सेल्फ हेल्थ ग्रुप के बैनर तले जिला कनविनर नरेश कुमारी की अध्यक्षता में किया गया। कनविनर नरेश कुमारी ने कहा कि एडिड स्कूलों से पिछले तीन अप्रैल को एकाएक बिना कोई सूचना किए उन्हें हटा दिया गया है। जिस कारण वह बेरोजगार हो गई है। उन्हें मात्र 2500 रुपये दिया जाता था वह भी सरकार ने उनसे छीन लिया। तब से महिलाएं लगातार संघर्ष कर रही है, लेकिन अब तक सरकार ने उनकी नहीं सुनी है। इस बारे वह कई बार उच्च अधिकारियों को हटाने बारे अवगत करवाया गया है, लेकिन आज तक किसी ने उनकी मांग को पूरा नहीं किया है। महिलाओं ने चार दिन का धरना उपायुक्त कार्यालय पर दिया था, अब भी सरकार ने उनकी मांग पूरी नहीं की। एक ओर तो सरकार महिलाओं व बेटियों को आगे बढ़ाने की बात करती है, वही दूसरी ओर बीजेपी सरकार ही महिलाओं को नौकरियों से हटा रही है, यह कहां का इंसाफ है। उन्होंने कहा कि अब वह दूसरा पड़ाव शुरू करेंगे। इसके साथ ही महिलाएं हल्ला बोल, पोल खोल अभियान चला कर सरकार के खिलाफ एक बड़ी रैली की जाएगी। प्रदर्शन में कमलेश, प्रोमिला, रेखा, सुनीता, संगीता, सुमन, पिंकी, निर्मला, रूबी, नीरज आदि मौजूद थी।
फोटो : 27 व 28