48 घंटे में खराब लाइटें ठीक कराने का मिला आश्वासन
- रादौर शहर की दिक्कतों को लेकर नपा सचिव से मिला पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल
रादौर। शहर के लोगों की समस्याओं को लेकर पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल नपा सचिव सुरेंद्र मलिक से मिला। नगर पार्षद महिंद्रपाल टीना व दलीप सिंह रिंकू के नेतृत्व में पार्षदों ने सचिव सुरेंद्र मलिक के समक्ष शहर के लोगों की समस्याओं को रखा। इस पर नपा सचिव ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान कर दिया जाएगा।
इसके अलावा पार्षदों ने नपा सचिव के समक्ष शहर में धीमी गति से हो रहे विकास कार्यों को लेकर रोष जताया। पार्षदों ने कहा कि शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का बुरा हाल है। उनके कहने के बावजूद कई दिनों तक स्ट्रीट लाइटें ठीक नहीं की जा रही हैं। इस पर नपा सचिव ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि 48 घंटे में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटें ठीक की जाएंगी। पार्षदों ने स्ट्रीट लाइटों को लेकर ठेकेदार का ठेका रद करने की मांग की। वहीं, पार्षदों ने महीनों से एसके रोड पर शहर में डिवाइडरों पर लगाई गई टावर लाइटें अभी तक शुरू न किए जाने पर रोष प्रकट किया। इस पर सचिव ने कहा कि कुछ दिनों में स्ट्रीट लाइटों के कार्यों का उद्घाटन होने जा रहा है। जल्द लाइटें शुरू कर दी जाएंगी। पार्षदों की मांग पर सात जून को हाउस की बैठक बुलाई गई है। इसमें शहर की समस्याओं व मांगों को लेकर रणनीति तय की जाएगी। मौके पर भगवत दयाल कटारिया, देवेंद्र लक्की, डॉ. बिमल गर्ग, जसवंत सिंह, कुलदीप नंबरदार, विनीश राणा आदि मौजूद रहे।
फोटो-27