डिग्रियां पाकर खिले 692 छात्राओं के चेहरे
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज में बुधवार को 55वें दीक्षांत समारोह में 692 छात्राओं को डिग्री वितरित की गई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वीसी डा. कैलाश चंद्र शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम मेें शिरकत की। जबकि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक अफेयर्स डा. श्याम कुमार गुप्ता विशिष्ठ अतिथि रहें। समारोह में स्नातकोत्तर की 152 तथा स्नातक की 540 छात्राओं को डिग्री वितरण की गई। कालेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डा. विभा गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
डा. शर्मा ने कहा कि डिग्री धारक छात्राओं के लिए यह गर्व की बात है कि उन्होंने हरियाणा के सर्वश्रेष्ठ कॉलेज से शिक्षा ग्रहण की है। डिग्री प्राप्त करने के उपरांत छात्राएं अपने कैरियर को नई दिशा प्रदान करेंगी। साथ ही नए जीवन की शुरूआत भी करेंगी। कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के खिलाड़ियों ने 60 से ज्यादा पदक जीते हैं। जिसमें 22 पदक हरियाणा की युवतियों ने हासिल किए हैं। जो कि सभी के लिए गर्व की बात है। मुख्य अतिथि व अन्य ने इस अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्षा डा. विश्वप्रभा की पुस्तक उपन्यासकार अमृतलाल नागर नारी जीवन की समस्याएं का लोकार्पण किया। कालेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डा. विभा गुप्ता ने कहा कि डीएवी गर्ल्स कालेज की 180 से ज्यादा छात्राओं ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में जगह बनाई हुई है। जो कि कालेज के लिए गर्व की बात है। दीक्षांत समारोह में एमएससी की 23, एम-कॉम की 68, एमए की 61 छात्राओं को स्नातकोत्तर की उपाधि प्रदान की गई। जबकि बीएससी की 282, बी-कॉम की 189, तथा बीए की 58 छात्राओं को स्नातक की उपाधि से नवाजा गया।