एजेंडे में पार्षदों के मुद्दे शामिल नहीं किए तो जिला परिषद की मीटिंग का बहिष्कार
-परिषद चेयरपर्सन ने कहा-क्या ड्रामा है? जिप सदस्य बोले-हम नाचने वाले नहीं जो ड्रामा करेंगे...
जिप सदस्यों के विरोध के चलते 15 दिन के लिए स्थगित की गई मीटिंग
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। करीब डेढ़ माह बाद हुई जिला परिषद की मीटिंग के एजेंडे का भाजपा के सदस्य ने बहिष्कार कर दिया। उनका कुछ अन्य जिप सदस्यों ने भी समर्थन किया। इसके बाद 15 मिनट में ही मीटिंग स्थगित करनी पड़ी। बाद में चेयरपर्सन रेणु बाला ने सभी पार्षदों के मुद्दे एजेंडे में रखने की बात कही और मीटिंग को 15 दिन के लिए स्थगित कर दिया।
मीटिंग शुरू होते ही जिला परिषद वार्ड नंबर एक के सदस्य एवं भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष संदीप गुर्जर ने मीटिंग के एजेंडे पर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि एजेंडे में जिप सदस्यों के मुद्दे शामिल नहीं किए जाते। केवल सदस्यों से फोन पर उनके मुद्दों के बारे में पूछा जाता है, लेकिन उन्हें एजेंडे में शामिल नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि जब जिप सदस्यों के मुद्दे को एजेंडे में शामिल नहीं किया जाता तो ऐसी मीटिंग का क्या फायदा? ऐसे एजेंडे का मैं बहिष्कार करता हूं। एजेंडे को लेकर संदीप गुर्जर के विरोध का कुछ अन्य सदस्यों ने भी समर्थन किया। इनमें कुछ भाजपा व बीएसपी समर्थित पार्षद धर्मपाल तिगरा, अशोक कुमार, नवाब खान, शमीम खान व अन्य शामिल थे।
ड्रामे की बात पर हुई बहस
जिला परिषद चेयरपर्सन रेनू बाला ने इस संबंध में जिला परिषद के स्टाफ सदस्यों से बातचीत की। स्टाफ सदस्यों ने चार पार्षदों के नाम गिनवाकर कहा कि उन्होंने सभी पार्षदों को फोन व मैसेज के माध्यम से एजेंडे में अपने मुद्दे डलवाने की सूचना दी थी। इस पर चेयरपर्सन रेनू बाला ने कहा कि हर बार यही ड्रामा होता है। हालांकि चेयरपर्सन का इशारा जिप स्टाफ सदस्यों की तरफ था। लेकिन इसके जवाब में पार्षद संदीप गुर्जर ने कहा कि हम नचार (नाचने वाला) नहीं जो ड्रामा करेंगे। हम जनता द्वारा चुने गए जन प्रतिनिधि हैं। गुर्जर का समर्थन करते हुए जिप वाइस चेयरमैन अनिल संधू ने कहा-मैम ये जिला परिषद हाउस की मीटिंग हैं, ड्रामा नहीं। आप अपने शब्द वापस लें। बाद में चेयरपर्सन ने स्पष्ट किया कि उन्होंने मीटिंग को नहीं, बल्कि एजेंडा बनाने वाले स्टाफ को ड्रॉमा करने की बात कही थी।
वार्ड नंबर पांच के सदस्य ने वोटिंग का दिया सुझाव
वार्ड नंबर एक के पार्षद संदीप गुर्जर द्वारा एजेंडा का बहिष्कार करने पर अन्य पार्षदों से समर्थन मांगा। इस पर वार्ड नंबर पांच के पार्षद राजेश कटारिया ने कहा कि पूरे एजेंडे का बहिष्कार करने की जरूरत क्या है? एजेंडे में शामिल हर मुद्दे पर वोटिंग करवा लें, जिस मुद्दे पर सहमति नहीं बनेगी। उसे पास नहीं किया जाएगा। जिप सदस्य संदीप गुर्जर के समर्थन में कुछ अन्य पार्षद भी बोलने लगे। अधिकतर पार्षदों ने एजेंडे पर असहमति जताते हुए मीटिंग को एक सप्ताह के लिए स्थगित करने की बात कही। जिप सदस्यों के विरोध को देखते हुए चेयरपर्सन ने मीटिंग को 15 दिनों के लिए स्थगित कर दिया। उन्होंने जिला परिषद के स्टाफ को जिप सदस्यों से पूछकर उनके मुद्दे एजेंडे में शामिल करने को कहा।
एजेंडे के लिए किया गया था फोन
जिला परिषद के एजेंडा बनाने वाले स्टाफ सदस्यों ने कहा कि हमने सभी पार्षदों को फोन व मैसेज करके एजेंडे में अपना मुद्दा रखवाने की सूचना दी थी। कुछ ही पार्षदों ने अपने मुद्दे रखे। बाकी मुद्दे रखने के लिए नहीं आए और ना ही अपने मुद्दों के बारे में उन्हें जानकारी दी गई। इसके अलावा जिला परिषद की हाउस की मीटिंग के लिए भी सभी को सूचना दी गई थी। सोमवार को दोबारा रिमाइंडर किया गया।
डिप्टी चेयरमैन बोले-या तो अधिकारी झूठ बोले रहे, या पार्षद
जिला परिषद के पार्षदों व स्टाफ की बात सुनने के बाद डिप्टी चेयरमैन अनिल संधू ने कहा कि एजेंडे की सूचना दी या नहीं इस पर या तो जिला परिषद के सदस्य झूठ बोल रहे हैं या स्टाफ सदस्य। अगली बार से इसकी वीडियोग्राफी कराई जाए। वीडियोग्राफी में झूठ बोलने वाला के खिलाफ यदि कोर्ट में भी जाना पड़ेगा तो वे कोर्ट भी जाएंगे।
मीटिंग में ये थे मौजूद
जिला परिषद के डिप्टी सीईओ राजबीर फूलिया, वाइस चेयरमैन अनिल संधू, पार्षद संदीप सिंह, माम चंद, अंजु बाला, राजेश कुमार कटारिया, शमीम खान, शैंकी, नवाब खान, रीना रानी, धर्मपाल तिगरा, अशोक कुमार, सोहन लाल, ब्लॉक समिति जगाधरी अध्यक्ष शशि दुरेजा आदि मौजूद रहे।
मेरे पास एजेंडे में मुद्दे लिखवाने संबंधित स्टाफ सदस्यों का फोन जरूर आया था। उन्होंने अपने वार्ड में विकास कार्यों संबंधित ग्रांट के बारे में मुद्दा लिखवाया था। लेकिन जब उन्होंने एजेंडा देखा तो एजेंडे में उनके वार्ड से संबंधित कोई मुद्दा नहीं था। इस कारण मीटिंग में मैंने एजेंडे का विरोध किया।
-संदीप गुर्जर, जिला परिषद सदस्य, वार्ड नंबर एक
फोटो-9,10