स्ट्रीट लाइट की शिकायतों पर कर्मचारी नहीं करते कार्रवाई
-नपा की बैठक में पार्षदों ने उठाई वार्डों की समस्याएं-
रादौर (ब्यूरो)। नगरपालिका की बैठक में पार्षदों ने वार्डों की समस्याओं को जोर-शोर से उठाया। अध्यक्षता नपा सचिव सुरेंद्र मलिक ने की। बैठक में नपा की ओर से स्ट्रीट लाइटों से संबंधित समस्याओं का समय पर समाधान न होने पर पार्षदों ने रोष जताया।
पार्षदों ने कहा कि कस्बे के लोगों की स्ट्रीट लाइटों संबंधित समस्याओं का कई कई दिनों तक समाधान नहीं होता। स्ट्रीट लाइट ठीक करने में कर्मचारी आनाकानी करते हैं। इस पर नपा सचिव सुरेंद्र मलिक ने स्ट्रीट लाइटों की रिपेयर के लिए ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी। सचिव ने कहा कि भविष्य में यदि स्ट्रीट लाइटों की समस्या का समाधान समय पर न हुआ तो ठेका रद्द कर दिया जाएगा।
पार्षदों ने जल्द से जल्द पार्क व स्टेडियम का कार्य शुरू करने की मांग की। वहीं पार्षदों को जल्द आईकार्ड दिए जाने व उनके निवास के पास बोर्ड लगवाने की मांग की। विकास में तेजी लाने की मांग भी की। इस पर नपा सचिव सुरेंद्र मलिक ने कहा कि जो कार्य पहले पास हो चुके हैं, उन्हें मार्च में परा करवा दिया जाएगा। इसके अलावा 9 जनवरी की हाउस की बैठक में पास किए 165 कार्यों को जिला उपायुक्त के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है।
पार्षदों ने नपा की दुकानों का बकाया किराया जल्द से जल्द वसूलने की मांग की। पार्षदों ने शहर के सभी 13 वार्डों में युवाओं के लिए खेल का सामान उपलब्ध करवाने की मांग रखी। बैठक में नगर पार्षद जसवंत सिंह, भगवत दयाल कटारिया, कुलदीप सिंह नंबरदार, महिंद्रपाल टीना, डॉ. बिमल गर्ग, देवेंद्र लक्की, विनीश राणा, अमनदीप छोटाबांस, शालू मेहता व रोशनलाल सैनी के अलावा विकास धीमान, संदीप शर्मा, हरजीतसिंह, शुभम शर्मा, अमित सैनी, सलीम अहमद, अभिषेक शर्मा, जितेंद्र छोटाबांस, बरखाराम सैनी, राजू आदि मौजूद थे।
फोटो-3