ओवरलोडेड ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, भड़के लोगों ने जाम लगा तोड़े ट्रकों के शीशे
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। थाना छप्पर लाडवा रोड पर ऊंचा चांदना के नजदीक बजरी से भरे ट्रक ने बाइक सवार दुधिये को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक परिवार का इकलौता चिराग था। पिछले साल पिता की मौत होने के बाद उसने उनका दूध की डेयरी का काम संभाला था। हादसे के बाद ट्रक से कुचले शव को देख ग्रामीण भड़क गए। हादसा होने के बाद भी मार्ग पर रेत-बजरी से भरे ओवरलोडेड ट्रक चल रहे थे। उन्हें देख ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। जाम लगने से सड़क पर फंसे रेत बजरी के ट्रकों के ग्रामीणों ने के शीशे व लाइटें तोड़ उनके टायरों की हवा निकाल दी। करीब एक घंटे तक लगे जाम से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने के बाद मौके पर थाना छप्पर पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। पुलिस ने बजरी से भरे ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज किया है।
मुस्तफाबाद के गांव ऊंचा चांदना निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ रिम्पल (25) के पिता गुरबेज सिंह की बीते वर्ष मौत हो गई थी। उसके पिता गुरबेज सिंह गांव से दूध खरीदने व बेचने का काम करते थे। पिछले साल उनकी बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद जसप्रीत सिंह ने उनका दूध का काम संभाला था। जसप्रीत दो भाई बहन थे। वह अपने परिवार का इकलौता वारिस था। हर दिन की तरह रविवार सुबह वह गांव में दूध देने के बाद बाइक पर पास के गांव नमदारपुर में दूध देने गया था। वहां से जब वह लौट रहा था तभी गांव ऊंचा चांदना के नजदीक मोड़ पर पीछे से तेज गति से आ रहे बजरी से भरे ट्रक ने उसे टक्कर मारकर कुचल दिया। इसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास रह रहे लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। लेकिन तब तक आरोपी चालक ट्रक छोड़कर वहां से फरार हो चुका था। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना परिवार को दी। सूचना मिलने पर वे दौड़े-दौड़े मौके पर पहुंचे। ट्रक के कुचलने से शत विक्षप्त हुए शव को देखा तो लोग भड़क गए। उधर, हादसे के बाद भी सड़क पर रेत बजरी से भरे ओवरलोडेड ट्रक दौड़ रहे थे। उन्हें देख ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। भड़के ग्रामीण सड़क के बीचोबीच खड़े हो गए और जाम लगा दिया। जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने अपना गुस्सा जाम में फंसे रेत बजरी से भरे ट्रकों पर उतारा। इस दौरान ग्रामीणों ने पांच-छह ट्रकों के शीशे व लाइटें तोड़ उनके टायरों की हवा निकाल दी। सूचना मिलने पर छप्पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। पुलिस ने मामले में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बेटे के शव को देख मां हुई बेहोश
हादसा इतना दर्दनाक था कि बाइक ट्रक के नीचे आने से युवक का सिर बुरी तरह से कुचल कर क्षत-विक्षत हो गया। जब उसकी मां पहुंचे तो बेटे के शव को इस हाल में देखकर मौके पर ही बेहोश हो गई। उसे गांव की महिलाओं ने संभाला और उसे पानी पिलाया। ग्रामीण उसे घर ले गए और उपचार दिलाया।
मां बोली थी बेटा जल्दी आ जाना
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक रिम्पल ने रविवार को ही अपनी बहन के लिए परिवार के साथ रिश्ता देखने जाना था। नमदारपुर में दूध देने जाने से पहले रिम्पल की मां ने उसे बोला था कि बेटा दूध देकर जल्दी आ जाना। लड़का देखन के लिए जल्दी चलेंगे और जल्द आ जाएंगे। लेकिन इससे पहले ये हादसा हो गया। बहन की शादी की पूरी जिम्मेवारी रिम्पल के सिर थी।
ग्रामीण बोले, लिंक रोड पर दौड़ते हैं ओवरलोड वाहन
ग्रामीणों ने कहा कि ऊंचा चांदना में हादसा जहां हुआ वह थाना छप्पर से लाडवा का रोड लिंक रोड है। इस पर कई स्कूल हैं। इसके बावजूद ओवरलोडेड वाहनों की भरमार है। इस पर पुलिस प्रशासन का कोई शिकंजा नहीं है। ऐसे में ये ओवरलोडेड वाहन बेरोकटोक चल रहे हैं। इन वाहनों के कारण कई लोग मौत का ग्रास बन चुके हैं, लेकिन फिर भी प्रशासन इन पर लगाम नहीं लगा पा रहा है। इतना ही नहीं हुए हादसे की जगह से छह किलोमीटर दूरी पर पुलिस थाना छप्पर है। इसके सामने से प्रतिदिन ये ओवरलोडेड वाहन गुजरते हैं।
-------
ऊंचा चांदना के पास हुए हादसे के बाद लोगों ने कुछ देर जाम लगाया था। इस दौरान कुछ लोगों ने ट्रकों में तोड़फोड़ भी की। ग्रामीणों का समझाकर शांत कर दिया गया है। आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-इंस्पेक्टर ललित कुमार, एसएचओ, थाना छप्पर।
फोटो : दो से पांच