अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। गांव संधाली के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों शुक्रवार देर रात काम पर जाने के लिए निकले थे। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया वहीं, घायल निजी अस्पताल में उपचाराधीन है।
जानकारी अनुसार शहर के शुगर मिल में कार्यरत करनाल जिले के चौगांव निवासी 55 वर्षीय रतीराम शुक्रवार देर रात अपने स्टार्च मिल में नौकरी कर रहे बेटे मनीष के साथ घर से बाइक पर ड्यूटी पर जाने को निकले थे। जैसे ही वह संधाली के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और वह दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें यमुनानगर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने रती राम को मृत घोषित कर दिया वहीं, मनीष को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे शहर के निजी अस्पताल ले गए, जहां वह उपचाराधीन है। सूचना पाकर पहुंची थाना जठलाना पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। साथ ही अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।