रजिस्ट्रेशन फाइल जमा न कराने पर 11 वाहन एजेंसियों के लाइसेंस सस्पेंड, अब नहीं बेच पाएंगे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। एसडीएम जगाधरी बीबी कौशिक ने गुरुवार को वाहन रजिस्ट्रेशन की फाइलें जमा न कराने पर 11 वाहन एजेंसियों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए। अब ये एजेंसी संचालक वाहन नहीं बेच पाएंगे। इन वाहन एजेंसियों में रजिस्ट्रेशन की 62 फाइलें पेंडिंग हैं। एजेंसी संचालकों को कई बार नोटिस भेजे गए और उनके साथ मीटिंग भी की गई, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जिसके बाद एसडीएम जगाधरी ने कार्रवाई करते हुए अब उनके लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं।
एसडीएम जगाधरी कौशिक ने बताया कि वाहन रजिस्ट्रेशन की फाइल जमा न कराने पर फॉलकॉन ऑटो, हार्दिक ऑटो, हर्ष मोटर्स, खन्ना ऑटो, खन्ना कार प्लाजा, कृष्ण ऑटो, पंडित ऑटो, रोहित ऑटो, शीला मोटर्स, शिव शक्ति ट्रैक्टर्स, शिव शंकर ट्रेडिंग का लाइसेंस सस्पेंड किया गया है। जब तक ये एजेंसी संचालक पेंडिंग फाइलों को क्लीयर नहीं करते तब तक लाइसेंस सस्पेंड रहेंगे। इस दौरान कोई भी एजेंसी वाहन नहीं बेच सकेगी। एसडीएम ने बताया कि जून से वाहन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। वाहन रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया अब एजेंसी में होती है। एजेंसी से कागजात एसडीएम आफिस में आते हैं। यहां से आरसी बनती है। एजेंसी संचालकों ने वाहन तो बेचे, लेकिन उनकी फाइल एसडीएम कार्यालय में नहीं भेजी। इन वाहन एजेंसियों में रजिस्ट्रेशन की 62 फाइल पेंडिंग हैं। एजेंसी संचालकों को कई बार नोटिस भेजे गए और उनके साथ मीटिंग करके भी फाइलें भेजने के बारे में कहा गया, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जिसके बाद उन्होंने उनके लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं।