एयर पिस्टल में एसडी और राइफल में आर्य पीजी कॉलेज पानीपत बना चैंपियन
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कालेज में आयोजित इंटर कालेज एयर पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में एसडी कॉलेज पानीपत की टीम ने 1200 में से 1102 अंक अर्जित कर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया, जबकि एयर राइफल के महिला वर्ग में आर्य पीजी कॉलेज पानीपत की टीम ने 1200 में से 1140 अंक प्राप्त कर और पुरुष वर्ग में इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज लाडवा की टीम ने 1200 में से 1159 अंक प्राप्त कर चैंपियनशिप हासिल की। हिंदी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डा. किरण शर्मा, अंग्रेजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डा. गीता शर्मा तथा प्रतियोगिता के निदेशक कैप्टन राजेंद्र ढाका ने विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
कैप्टन ढाका ने कहा कि इंटर कालेज चैंपियनशिप के दौरान जिन खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, उनका चयन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम में किया गया है, जो कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से अमृतसर में आयोजित होने वाली इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में भाग लेंगे। कालेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. विभा गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी। एयर पिस्टल वुमन इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप के शिविर में डीएवी गर्ल्स कॉलेज की अंजू, हर्शी व दीक्षा का चयन हुआ है। प्रतियोगिता के दौरान शूटिंग कोच ओपी गोदारा, सूबे सिंह, रोहित ढाका ने निर्णायक मंडल की भूमिका अदा की। मौके पर शारीरिक शिक्षा विभाग की प्राध्यापिका जागृति सरस्वती व राधा तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक परमेश त्यागी उपस्थित रहे।
इस प्रकार रहा परिणाम: पुरुष एयर पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में एसडी कॉलेज पानीपत की टीम ने 1200 में से 1102 अंक अर्जित कर पहला स्थान अर्जित किया। एसए जैन कॉलेज अंबाला सिटी ने 1200 में से 1066 अंक प्राप्त कर दूसरा और आर्य पीजी कॉलेज पानीपत ने 1200 में से 1064 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में एकल में यूटीडी कुरुक्षेत्र के जसनदीप सिंह ने 400 में से 376 अंक प्राप्त कर पहला, दयाल सिंह कॉलेज करनाल के अभिषेक ने 375 अंक प्राप्त कर दूसरा तथा एसडी कॉलेज पानीपत के कपिल ने 374 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान अर्जित किया। महिला एयर पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप के एकल में आर्य पीजी कॉलेज पानीपत की दीक्षा ने 400 में से 377 अंक अर्जित कर पहला, डीएवी गर्ल्स कॉलेज की अंजू ने 367 अंक अर्जित कर दूसरा तथा हर्शी ने 354 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान अर्जित किया। महिला एयर राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में आर्य पीजी कॉलेज पानीपत की टीम ने 1200 में से 1140 अंक अर्जित कर पहला, आईजीएन कॉलेज लाडवा ने 1057अंक प्राप्त कर दूसरा तथा जीएन खालसा कालेज यमुनानगर ने 1005 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान अर्जित किया। एकल चैंपियनशिप में दयाल सिंह कॉलेज करनाल की गीतांजलि ने 400 में से 393 अंक प्राप्त कर पहला, आईजीएन लाडवा की स्नेहा ने 386 अंक प्राप्त कर दूसरा तथा आर्य पीजी कॉलेज की लक्ष्मी ने 385 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान अर्जित किया। पुरुष एयर राइफल चैंपियनशिप में इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज लाडवा ने 1200 में से 1159 अंक प्राप्त कर पहला स्थान अर्जित किया। आर्य पीजी कॉलेज पानीपत ने 1140 अंक प्राप्त कर दूसरा तथा एसए जैन कॉलेज अंबाला सिटी ने 1113 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान अर्जित किया। एकल चैंपियनशिप में आर्य पीजी कॉलेज के सत्याजीत ने पहला, आईजीएन कॉलेज लाडवा के मंजीत सिंह ने दूसरा तथा कार्तिक गोयल ने तीसरा स्थान अर्जित किया।