अवैध खनन के खिलाफ हुई पंचायत, बोली- अधिकारी रोकें वर्ना हम रोकेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
जठलाना। अवैध खनन पर अब जठलाना पंचायत की नजरें तिरछी हो गई हैं। जठलाना क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों से खस्ताहाल हो रहीं सड़कों पर पंचायत गंभीर हो गई है। इसको लेकर गांव गुमथला में शुक्रवार को हुई बैठक में पंचायत ने एलान किया कि, अधिकारी अवैध खनन रोकें वर्ना हम रोकेंगे। बैठक की अध्यक्षता गांव गुमथला के सरपंच कृष्ण मेहता ने की।
बैठक में पंचायत में स्वीकार किया गया कि जठलाना क्षेत्र में अवैध रूप से खनन हो रहा है और ओवर लोड वाहनों से क्षेत्र की सड़कें टूट रहीं हैं। इसको लेकर गांव की पंचायत ने हरियाणा एंटी करप्शन सोसायटी को अपना समर्थन पत्र सौंपा। समर्थन पत्र सरपंच कृष्ण मेहता ने एडवोकेट वरयामसिंह को सौंपा। गांव के सैकड़ों लोगों ने सरकार और प्रशासन के अधिकारियों से अवैध खनन बंद कराने और ओवर लोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सोसायटी के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट वरयामसिंह ने कहा कि जिला यमुनानगर में नियमों को ताक पर रखकर रात के समय अवैध खनन हो रहा है। इसकी शिकायत हरियाणा एंटी करप्शन सोसायटी की ओर से सीएम विंडो के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजी गई है। रेत के ठेकेदार नियमों को ताक पर रखकर अवैध खनन कर रहे हैं। कहा कि जिला यमुनानगर में यमुना नदी के अलग अलग घाटों पर नियमानुसार खनन कराने के लिए ठेकेदारों को ठेके दिए गए हैं, लेकिन अधिकतर घाटों पर रेत के ठेकेदार नियमों को ताक पर रखकर अवैध खनन कर रहे हैं। नियमानुसार ठेकेदार केवल दिन के समय ही खनन कर सकते हैं, लेकिन रेत के ठेकेदार नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए पूरी रात खनन कार्य करते हैं। इसके अलावा रेत के ठेकेदार वाहनों में निर्धारित मापदंड से अधिक रेत लोड करके ले जा रहे हैं, इससे सड़कें खस्ताहाल हो रही हैं। गांव की पंचायत ने प्रशासन के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने अवैध खनन नहीं रुकवाया और ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं की तो गांव के लोग क्षेत्र के लोगों के साथ मिलकर अवैध खनन रोकेंगे। इस अवसर पर ब्लॉक समिति रादौर के उपाध्यक्ष डॉ. शुभम सलुजा, सरपंच कृष्ण मेहता, अमीलाल नंबरदार, डॉ. सुदेश बंसल, राजू सेतिया, श्याम सुंदर, गुरुमुखसिंह, बलजीत सिंह, अमरजीत सिंह, एडवोकेट सर्वजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुरेश सैनी आदि उपस्थित थे।