क्लस्टर वॉलीबाल में दूसरे दिन मेजबान स्कूल को मिली जीत
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। नेशनल पब्लिक स्कूल में चल रही तीन दिवसीय सीबीएसई क्लस्टर वॉलीबाल चैंपियनशिप के दूसरे दिन वीरवार को प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस दिन पंजाब की टीमें छाई रहीं।
दूसरे दिन हुए मुकाबलों में लड़कों के अंडर-19 वर्ग में मुकट पब्लिक स्कूल मुक्तसर की टीम के अलावा संत ईस्सर सिंह पब्लिक स्कूल संगरूर, शाह सतनामजी पब्लिक स्कूल सिरसा, यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल बठिंडा, इंडियन पब्लिक स्कूल रादौर, डीएवी सेनेटरी पब्लिक स्कूल रादौर ने जीत हासिल की। लड़कियों के अंडर-19 वर्ग के मुकाबलों में नेशनल पब्लिक स्कूल यमुना नगर और हरिओम शिवओम पब्लिक स्कूल रादौर विजयी रहे। इनके अलावा लड़कों के अंडर-17 वर्ग में लार्ड रामा पब्लिक स्कूल बठिंडा, शाह सतनामजी पब्लिक स्कूल सिरसा, दिल्ली पब्लिक स्कूल यमुनानगर, बाबू बृषभान डीएवी पब्लिक स्कूल संगरूर ने जीत हासिल की। लड़कियों के इसी वर्ग में विश्वास नव शारदा पब्लिक स्कूल फतेहाबाद और निशान एकेडमी मुक्तसर की टीम विजेता बनी।
खेल भावना से खेलें: डीएसपी उषा कुंडू
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएसपी उषा कुंडु और जगाधरी जेल के उपाधीक्षक विवेक सांगवान ने संयुक्त रुप से किया। मुख्य अतिथि डीएसपी उषा कुंडु ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। खेलों से जहां शारीरिक विकास होता है, वहीं मानसिक स्तर पर भी बच्चों में परिपक्वता आती है। उन्होंने सभी से खेल भावना से खेलने का आह्वान किया। इस दौरान वंशिका, गजल, साक्षी, प्रभजोत, कनिष्का, गुरप्रीत, शगुन, नेहा और प्रिया ने कथक की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कूल के प्रबंधक आरएस पुंडीर ने सभी का आभार जताया और मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रधानाचार्या मनीषा गौतम, निर्मला पुंडीर, अधिवक्ता रोहित प्रताप सिंह, भूपिंद्र सिंह, ईश मेहता, नरेंद्र चौहान, डॉ महेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।