धूमधाम से निकाली वाल्मीकि शोभायात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
साढौरा। भगवान वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में वाल्मीकि सभा की ओर से वीरवार को कस्बे में बैंड बाजे के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें लवकुश की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इससे पहले शोभायात्रा का शुभारंभ विधायक बलवंत सिंह ने किया। शोभायात्रा का स्थान स्थान पर स्वागत किया गया। गुरुद्वारा पीर बुद्धशाह के पास गुरुद्वारा समिति की युवा विंग ने यात्रा में शामिल लोगों को जलपान कराया। मुख्य बाजार में हक की आवाज संगठन, श्री शिव गणपति सेवा मंडल एवं भारत विकास परिषद द्वारा श्री वाल्मीकि सभा के प्रधान संदीप खोड़ा, जगदीश कुमार, नवीन कुमार एवं सभा के अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया। मंदिर परिसर में पुजारी कृष्ण लाल ने धार्मिक अनुष्ठान के साथ झंडे की रस्म निभाई गई। मुख्य अतिथि के रूप में पधारे पूर्व मंत्री डॉ. कृपा राम पूनिया एवं समाज सेवी मंगत राम सैनी ने झंडे की रस्म निभाई। पंच सरोजबाला, नवीन कुमार, जगदीश एवं सुमित कुमार ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन भी किया गया।