चेयरमैन की दौड़ में भाजपा की तीन महिला पार्षद
अमर उजाला ब्यूरो
रादौर। चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद को लेकर नवनियुक्त पार्षदों में खींचतान जारी है। भाजपा की ओर से तीन महिला पार्षदों ने चेयरमैन पद पर दावा किया है। तीनों महिला पार्षदों के परिजन पार्षदों को अपनी ओर करने के लिए जोर लगाए हुए हैं। भाजपा की ओर से शालू मेहता, डॉ. बिमल गर्ग और विनीश राणा अपने परिजनों को चेयरमैन बनाने के लिए जी तोड़ कोशिश कर रहे हैं। वहीं, भाजपा की ओर से विधायक श्यामसिंह राणा सर्वसम्मति से चेयरमैन और वाइस चेयरमैन बनाने के हक में है, लेकिन भाजपा अपने तीनों उम्मीदवारों में से किसी एक पर दांव खेलने से बच रही है। इसके विपरीत आजाद उम्मीदवारों ने भी जल्द अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारने की बात कही है। भाजपा विरोधी खेमे ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। जानकारों का कहना है कि भाजपा चेयरमैन पद के अंतिम दिन तक किसी उम्मीदवार पर अपना हाथ नहीं रखेगी। भाजपा चुनाव के दिन ऐन मौके पर अपने पत्ते खोल सकती है। फिलहाल भाजपा की ओर से किसी भी पार्षद को अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है। सभी उम्मीदवार अपने आप को भाजपा का उम्मीदवार बताकर चुनाव मैदान में डटे हैं और चेयरमैन पद के लिए अपना समर्थन जुटा रहे हैं।
जल्द दिलाई जाएगी नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ
रादौर। नगरपालिका रादौर में संपन्न हुए चुनावों के बाद तीन अक्तूबर को चुनाव आयोग हरियाणा की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। अब नपा के नवनिर्वाचित नगर पार्षद अपने वार्ड से संबंधित लोगों के प्रमाणपत्रों को वेरिफाई कर सकते हैं। नगरपालिका सचिव सुरेंद्र मलिक ने बताया कि चुनाव आयोग की ओर से नवनियुक्त पार्षदों के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिसके बारे में जिला उपायुक्त को लिखा गया है। जिला उपायुक्त से मंजूरी मिलने के बाद नगरपालिका के नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी। जिसके बाद उनका कार्यकाल शुरू हो जाएगा। शपथ समारोह के बाद चुनाव आयोग से हरी झंडी मिलने पर चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद को लेकर चुनाव कराया जाएगा।