हमारी सोच ही जीवन को देती है आकार : गौरव जलौत्रा
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज में वाणिज्य विभाग की ओर से एमकॉम एवं बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्राओं के लिए टॉप सीक्रेट ऑफ सक्सेस विषय पर एक्सटेंशन लेक्चर का आयोजन किया गया। जिसमें मोटिवेशनल स्पीकर गौरव जलौत्रा मुख्य प्रवक्ता रहे। कार्यवाहक प्रिंसिपल डा विभा गुप्ता और वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र कौर ने कार्यक्रम की संयुक्त रूप से अध्यक्षता की।
गौरव जलौत्रा ने छात्राओं से कहा कि लक्ष्य निर्धारण हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लक्ष्य निर्धारण सफलता पाने की पहली सीढ़ी है इससे हमारे प्रयासों को एक नई दिशा मिलती है और हम अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। आत्मविश्वास के महत्व के बारे में कहा कि आत्मविश्वास की सहायता से हम अपने जीवन में कठिन से कठिन निर्णय भी आसानी से ले सकते हैं। उनके अनुसार जीवन में सकारात्मक सोच का होना जरूरी है। हमारी सोच ही हमारे जीवन को आकार देती है। संचार कौशल, सकारात्मक सोच, समय नियोजन, तनाव पर नियंत्रण रखकर हम अपने जीवन में सफलता के मुकाम पर पहुंच सकते हैं। आज का संघर्ष हमें भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है, यदि हम किसी कार्य को पूरा करने का संकल्प कर लेते हैं तो हम अपने कठिन परिश्रम से उसे अवश्य ही पूरा कर सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि जीवन में किसी कार्य को करने का जुनून होना चाहिए क्योंकि अगर हम किसी स्थिति में कभी हताश होंगे तो हमारा जुनून ही हमें लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रेरित करता है।