अलाहर, जुब्बल और सुखपुरा ने जीते अपने-अपने मुकाबले
अमर उजाला ब्यूरो
रादौर। यूथ क्लब कांजनू की ओर से गांव में 15 दिवसीय शहीद उधमसिंह कांबोज क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कराया जा रहा है। प्रतियोगिता में 32 टीमें भाग ले रहीं हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज के बेटे विकास कांबोज ने रिबन काटकर किया। आयोजन टीम के सदस्य अखिल कांबोज ने बताया कि प्रतियोगिता में अलाहर, मंधार, थाना छप्पर, नंदपुरा ए, नंदपुरा बी, दामला, पांजूपुर, जुब्बल,धौडग, हरीपुर, बुबका, कुंजल, जठलाना, नाहरपुर, सुखपुरा, अहबतपुर, बबैन, सिली, चमरोडी,रादौरी आदि की टीमें भाग ले रहीं हैं। बताया कि प्रतियोगिता की 32 टीमों में से 16 टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगी। 16 टीमों में से 8 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 31 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। बुधवार को अलाहर और ठसका के बीच मैच खेला गया। अलाहर की टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित 11 ओवर में 82 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ठसका की टीम 57 रन ही बना सकी। इस प्रकार अलाहर की टीम ने 25 रनों से मैच जीत लिया। दूसरा मैच चमरोडी और जुब्बल के बीच खेला गया। जिसमें जुब्बल ने चमरोडी को 3 विकेट से हराया। चमरोडी की टीम ने निर्धारित 11 ओवर में 37 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जुब्बल की टीम ने 3 विकेट खोकर ही जीत हासिल कर ली। तीसरा मैच दामला और सुखपुरा के बीच खेला गया। जिसमें सुखपुरा ने जीत हासिल की। सुखपुरा ने पहले खेलते हुए निर्धारित 11 ओवर में 104 रन बनाए। जवाब मेें दामला की टीम मात्र 64 रन पर आल आउट हो गई। इस अवसर पर अखिल कांबोज कांजनू, निखिल कांबोज, अभिषेक, सचिन, शैंटी, विकास, लक्षमीचंद, अक्षम, अनुप, गौरव, अमित, रॉकी सांगवान आदि उपस्थित थे।