खूब उड़े गुलाल, गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकाली
अमर उजाला ब्यूरो
रादौर। श्री सिद्धि विनायक क्लब रादौर की ओर से शहर में आयोजित सिद्धिविनायक महोत्सव का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर क्लब की ओर से शहर में गणेश की प्रतिमा विसर्जन यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ स्वामी यमुनागिरी शास्त्री ने हरी झंडी दिखाकर किया। यात्रा पंजाबी धर्मशाला से शुरू होकर शहर के मेन बाजार, बुबका रोड, जाट नगर, बस स्टैड रोड, कॉलेज रोड, अनाजमंडी रोड, गीता बाजार से होती हुई वापस पंजाबी धर्मशाला में समाप्त हुई। इस दौरान यात्रा का जगह जगह बैंड बाजों व फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस जल्दी आना.. गीत पर झूमते नजर आए। बाद में यात्रा पक्का घाट पहुंची। जहां पश्चिमी यमुना नहर में गणेश प्रतिमा विसर्जित की गई। इस अवसर पर क्लब के प्रधान अजय बंसल व सचिव राजीव रोहिला भूरा ने बताया कि क्लब की ओर से कई वर्षों से श्री सिद्धिविनायक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। लगभग एक सप्ताह चले महोत्सव में शहर के हजारों श्रद्धालुओं ने गणेश का गुणगान सुना। वहीं महोत्सव में श्री राधाकृष्ण, गणेश की सुंदर झांकियां सजाई गईं। इस अवसर पर रोहित गुप्ता, सनम पुजारा, सौरभ आर्य, गोलू प्रजापति, पवन पुजारा आदि मौजूद थे।