जिंदल पार्क की कहानी, खतरे में जल की रानी
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
शहर के ओपी जिंदल पार्क में झील की सफाई न होने से दूषित पानी और ऑक्सीजन की कमी से यहां पल रही मछलियों के जीवन पर संकट मंडरा रहा है। साथ ही गंदगी में पनप रहे मच्छरों से लोगाें को क्षेत्र में मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया फैलने का डर सता रहा है। माह भर से पार्क में बने दयनीय हालात को देखते हुए शहर के कुछ युवा आगे आए और उन्होंने नगर निगम, डीसी और सीएम विंडो पर सीएम खट्टर के नाम शिकायत दी। इसमें उन्हाेंने ओपी जिंदल पार्क व यहां बनी झील के पानी की सफाई की मांग की।
स्वराज अभियान के जिला सचिव सुमितपाल सिंह व शहर के नवीन, तानिष, सत्यम, सौरभ ने डीसी रोहतास सिंह खरब व निगर निगम कमिश्नर गिरीश अरोड़ा सहित सीएम विंडो पर दी शिकायत दी। उन्हाेंने कहा कि ओपी जिंदल पार्क में बरसात के बाद माहभर से दयनीय हालत बने हुए है। पार्क में जगह-जगह बरसाती पानी जमा होकर सड़-गल रहा है और झील में पानी दूषित हो चुका है। काई जमा होने से पानी का रंग हरा पड़ गया है और उसमें से बहुत अधिक बदबू आती है। इससे पार्क में सैर करने आने वाले लोगों को दिक्कतों से दो-चार होना पड़ रहा है। पार्क में जगह-जगह दूषित पानी में मच्छर पनप रहे हैं, जो क्षेत्र में मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया को दस्तक दे सकते हैं। इसके अलावा झील में पानी के दूषित होने और उसमें ऑक्सीजन की कमी से उसमें पल रहीं सैकड़ाें मछलियां मर सकती हैं।
बीते वर्षों में भी मर चुकी है सैकड़ों मछलियां
बीते वर्षों में भी ओपी जिंदल पार्क में यही हालत बने थे और तब भी झील में पानी के दूषित होने और उसमें ऑक्सीजन की कमी से सैकड़ों मछलियां मर गई थी। युवाओं ने कहा कि बीते वर्षों की तरह मछलियों सहित लोगों के जीवन पर मंडराते खतरे को देखते हुए उन्हाेंने पार्क व झील को साफ-सुथरा बनाने की लड़ाई शुरू की है। इसी के तहत उनकी ओर से नगर निगम कमिश्नर व डीसी सहित सीएम विंडो पर शिकायत दी गई।