शिविर में कानूनी अधिकारों की जानकारी दी
यमुनानगर। कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ के तहत सरस्वती वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जगाधरी में कानूनी अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कानूनी शिविर लगाया गया। इसमें बतौर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गगनदीप मित्तल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने पोस्को एक्ट, भ्रूण हत्या, बाल मजदूरी, दहेज प्रथा, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, बाल विवाह आदि के संबंध में बनाए गए कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
जिला शिक्षा अधिकारी आनंद चौधरी ने कहा कि सभी अध्यापकों का उद्देश्य बच्चों को अच्छी शिक्षा देना है। उन्होंने अध्यापकों को निर्देश दिए कि वह लड़कियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा स्कूल में सफाई, पेयजल आदि का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि स्कूल के अंदर कहीं भी पानी खड़ा न होने दें, क्योंकि बरसात के मौसम में पानी इकट्ठा होने से मक्खी-मच्छर पैदा होते हैं। मलेरिया, डेंगू, बुखार, टाइफाइड, हैजा, डायरिया जैसी अनेक बीमारियां भी पैदा होती हैं, इसलिए अपने स्कूल के आसपास स्वच्छता अभियान चलाएं और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। सहायक परियोजना संयोजक डॉ. धर्मबीर ने सरकार की ओर से मिलने वाली अनुदान राशि के बारे में बताया और प्रयोगशाला के उपकरणों के सही रख-रखाव के बारे में जानकारी दी। डीएसएस विशाल सिंघल ने एनएमएमएस के बारे जानकारी दी।